Santosh Kumar | May 29, 2026 | 03:15 PM IST | 2 mins read
एनटीए ने कहा कि परीक्षा प्रबंधन और सुरक्षा तंत्र को मजबूत करने के लिए आईआईटी, यूजीसी, सीबीएसई, केवीएस और इग्नू जैसे संस्थानों के विशेषज्ञों को नियुक्त किया गया है।
Predict your NEET 2026 rank instantly & check your MBBS/BDS admision chances
Try Now
नई दिल्ली: नीट यूजी 2026 पेपर लीक विवाद के बाद, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने अपने परीक्षा सुरक्षा प्रोटोकॉल में व्यापक सुधार लागू किए हैं। इन सुधारों के बारे में आज एनटीए ने सुप्रीम कोर्ट में जानकारी दी है। नीट पेपर लीक की घटना के मद्देनजर, एनटीए ने परीक्षा प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए कई नए कदम उठाए हैं, जिसका उद्देश्य भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकना है।
यह मामला फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया मेडिकल एसोसिएशन (फाइमा) और यूनाइटेड डॉक्टर्स फ्रंट (यूडीएफ) द्वारा दायर याचिकाओं से जुड़ा है, जिनमें नीट परीक्षा में अनियमितताओं के मद्देनजर परीक्षा प्रणाली में बदलावों की मांग की गई है।
एनटीए ने हलफनामे में बताया कि 17 अप्रैल 2026 को हुई उच्च स्तरीय बैठक (एचपीएससी) में नीट यूजी 2026 की तैयारियों की समीक्षा की गई। इसमें परीक्षा से पहले, दौरान और बाद में सख्त सुरक्षा उपाय लागू करने की सिफारिश की गई।
इनमें सीसीटीवी जांच, 90 दिन तक फुटेज सुरक्षित रखना, परीक्षा केंद्रों पर मॉक ड्रिल, बिजली बैकअप, मेडिकल सुविधा और परीक्षा से पहले केंद्रों का निरीक्षण शामिल है। समिति ने सीसीटीवी की जांच के बाद फोरेंसिक विश्लेषण की सिफारिश की।
हलफनामे में कहा गया है कि नीट 2026 के बाद एचपीएससी फिर से संबंधित मंत्रालय के साथ बैठक करेगी और तय करेगी कि भविष्य में नीट परीक्षा कंप्यूटर आधारित (सीबीटी) मोड में हो या पेन-पेपर मोड में जारी रहे।
एनटीए ने न्यायालय को सूचित किया कि विशेषज्ञों की उच्च स्तरीय समिति (एचएलसीई) की कई सिफारिशें लागू की जा रही हैं। एनटीए में निदेशक और संयुक्त निदेशक स्तर के पदों सहित 16 नए वरिष्ठ पद सृजित किए गए हैं।
प्रौद्योगिकी संचालन और परीक्षण सुरक्षा की देखरेख के लिए दो संयुक्त सचिव स्तर के अधिकारियों को अतिरिक्त महानिदेशक के रूप में नामित किया गया है। मार्च में एक सचिव स्तर के अधिकारी को भी एनटीए का महानिदेशक नियुक्त किया गया।
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने आगे कहा कि परीक्षा प्रबंधन और सुरक्षा तंत्र को मजबूत करने के लिए आईआईटी, यूजीसी, सीबीएसई, केवीएस और इग्नू जैसे संस्थानों के विशेषज्ञों को नियुक्त किया गया है।
संस्थागत समन्वय के संबंध में, एनटीए ने कहा कि परीक्षाओं के सुरक्षित संचालन को सुनिश्चित करने के लिए देश भर में राज्य स्तरीय समन्वय समितियों (एसएलसीसी) और जिला स्तरीय समन्वय समितियों (डीएलसीसी) का गठन किया गया है।
हलफनामे के मुताबिक, 3 मई को हुई परीक्षा में 18 राज्य स्तरीय, 621 जिला स्तरीय समितियां कार्यरत थीं। इनमें प्रशासन, पुलिस, खुफिया एजेंसियों, एनआईसी, एनटीए अधिकारी शामिल थे, इसका उद्देश्य निगरानी-समन्वय मजबूत करना था।
इनपुट्स-एएनआई
छात्रों को अपना नीट एडमिट कार्ड दिखाकर दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) की बसों में बिना टिकट यात्रा करने की अनुमति होगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर इसकी घोषणा की।
Santosh Kumar