HPSC Exams: रणदीप सुरजेवाला ने सहायक प्रोफेसर भर्ती परीक्षा में गड़बड़ी का लगाया आरोप, न्यायिक जांच की मांग की

Santosh Kumar | June 15, 2025 | 06:33 PM IST | 2 mins read

सुरजेवाला ने कहा कि प्रश्नपत्रों से जुड़ी पूरी प्रक्रिया की न्यायिक जांच होनी चाहिए। परीक्षाएं दोबारा आयोजित की जानी चाहिए।

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि सहायक प्रोफेसर भर्ती में हर दिन गड़बड़ियों और गलत प्रश्नपत्रों की शिकायतें मिल रही हैं। (इमेज-एक्स/@rssurjewala)

नई दिल्ली: हरियाणा लोक सेवा आयोग (एचपीएससी) द्वारा हाल ही में आयोजित सहायक प्रोफेसर भर्ती परीक्षा में विभिन्न अनियमितताएं सामने आने का दावा करते हुए कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने इसकी न्यायिक जांच की मांग की है। सुरजेवाला ने कहा कि प्रश्नपत्रों से जुड़ी पूरी प्रक्रिया की न्यायिक जांच होनी चाहिए। परीक्षाएं दोबारा आयोजित की जानी चाहिए और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।

आरोपों पर हरियाणा के अधिकारियों की तरफ से कोई जवाब नहीं आया है। सुरजेवाला ने कहा कि इस महीने एचपीएससी ने सहायक प्रोफेसर (हिंदी) की परीक्षा कुछ गड़बड़ियों के कारण रद्द कर दी थी, जिसमें एक मामला प्रश्नपत्र की सील से जुड़ा था।

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि सहायक प्रोफेसर भर्ती में हर दिन गड़बड़ियों और गलत प्रश्नपत्रों की शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि 4 साल पहले डेंटल सर्जन भर्ती में भी घोटाला हुआ और एचपीएससी के उप सचिव को गिरफ्तार किया गया।

HPSC Exams: परीक्षा शुरू होते ही गड़बड़ी के संकेत

सुरजेवाला ने कहा कि पिछले 7 सालों से सहायक प्रोफेसर (कॉलेज कैडर) की नियुक्ति नहीं हुई। अगस्त 2024 में आयोग ने 26 विषयों में 2,424 सहायक प्रोफेसर के पदों के लिए विज्ञापन दिया और करीब डेढ़ लाख युवाओं ने आवेदन किया।

कांग्रेस नेता ने कहा कि मई-जून में सहायक प्राध्यापक भर्ती परीक्षा शुरू होते ही अनियमितताओं के संकेत मिलने लगे थे। उन्होंने कहा कि एक जून को आयोजित हिंदी विषय की परीक्षा में 6 प्रश्नपत्रों की सील टूटी हुई थी और 27 प्रश्न गलत थे।

उन्होंने दावा किया,‘‘...जब काफी हंगामा हुआ तो 3 जून को एचपीएससी ने सहायक प्रोफेसर (हिंदी) का प्रश्नपत्र रद्द कर दिया। अगर सील नहीं टूटी थी और सवाल गलत नहीं थे तो प्रश्नपत्र रद्द क्यों किया गया? यह गड़बड़ी का सबसे बड़ा सबूत है।’’

Also read HTET Exam 2024: हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा की डेट्स घोषित, एडमिट कार्ड bseh.org.in पर होगा जारी

सवाल सीधे बीपीएससी से नकल किए गए

सुरजेवाला ने कहा, ‘‘29 मई को पंचकूला में सहायक प्रोफेसर (राजनीति विज्ञान) के लिए भर्ती परीक्षा आयोजित की गई थी और परीक्षा देने वाले कई विद्यार्थियों ने कहा था कि प्रश्नपत्र की सील टूटी हुई पाई गई थी और उन्होंने शिकायत दर्ज कराई थी।’’

कांग्रेस सांसद ने कहा कि 8 जून को हुई असिस्टेंट प्रोफेसर (भूगोल) की परीक्षा में गड़बड़ी का ताजा मामला सामने आया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस परीक्षा में 26 सवाल सीधे बीपीएससी से नकल किए गए थे और 6 सवाल आंशिक रूप से दोहराए गए थे।

MakeCAREERS360
My Trusted Source
Add as a preferred source on google
[

विशेष समाचार

]
[

नवीनतम शिक्षा समाचार

]