Saurabh Pandey | November 8, 2026 | 10:03 AM IST | 2 mins read
उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने अपर पीसीएस (प्रारम्भिक) परीक्षा-2026 की डेट घोषित कर दी है। परीक्षा के लिए पंजीकृत उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर परीक्षा कार्यक्रम चेक कर सकते हैं।

नई दिल्ली : उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने उत्तराखंड अपर पीसीएस प्रीलिम्स परीक्षा 2026 की डेट घोषित कर दी है। पंजीकृत उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर परीक्षा कार्यक्रम चेक कर सकते हैं। इस परीक्षा का आयोजन 29 नवंबर 2026 (रविवार) को राज्य भर के 18 शहरों में बने विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा।
आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, परीक्षा दो सत्रों में संपन्न होगी। पहले सत्र में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक 'सामान्य अध्ययन' (विषय कोड-98) का पेपर होगा। वहीं दूसरे सत्र में दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक 'सामान्य बुद्धिमत्ता परीक्षा' (विषय कोड-99) का आयोजन किया जाएगा।
उत्तराखंड अपर पीसीएस प्रीलिम्स परीक्षा के लिए पंजीकृत अभ्यर्थी 13 नवंबर 2026 से आयोग की आधिकारिक वेबसाइट psc.uk.gov.in पर जाकर अपना प्रवेश-पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। आयोग ने यह साफ कर दिया है कि किसी भी अभ्यर्थी को डाक द्वारा अलग से प्रवेश-पत्र नहीं भेजा जाएगा। इसके साथ ही परीक्षा केंद्र में बदलाव से जुड़े किसी भी अनुरोध को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
ऑनलाइन आवेदन के दौरान स्वयं श्रुतलेखक लाने का दावा करने वाले दिव्यांग अभ्यर्थियों को तय प्रारूप के प्रमाण-पत्र, श्रुतलेखक की दो पासपोर्ट साइज फोटो, शैक्षणिक योग्यता संबंधी दस्तावेज और आधार कार्ड की फोटो कॉपी जमा करना अनिवार्य होगा। वहीं दूसरी ओर, जिन अभ्यर्थियों ने आयोग से श्रुतलेखक उपलब्ध कराने का विकल्प चुना है, उन्हें हरिद्वार स्थित परीक्षा केंद्र आवंटित किया जाएगा। ऐसे अभ्यर्थी परीक्षा तिथि से दो दिन पहले यानी 27 नवंबर 2026 को उत्तराखंड लोक सेवा आयोग, हरिद्वार के कार्यालय में उपस्थित होकर अनुमन्य श्रुतलेखक से मिल सकते हैं।
श्रुतलेखक की सुविधा चाहने वाले अभ्यर्थियों को सभी जरूरी दस्तावेज 16 नवंबर 2026 तक डाक या अन्य माध्यम से सचिव, उत्तराखंड लोक सेवा आयोग, हरिद्वार-249404 के कार्यालय में जमा कराने होंगे। आयोग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि ईमेल के जरिए भेजे गए दस्तावेजों पर विचार नहीं किया जाएगा और अंतिम तिथि के बाद प्राप्त होने वाले किसी भी प्रत्यावेदन को पूरी तरह निरस्तकर दिया जाएगा।
यह स्लिप फाइनल एडमिट कार्ड नहीं है। जारी अधिसूचना के अनुसार, फाइनल एडमिट कार्ड, जिसमें परीक्षा केंद्र का पूरा पता, रिपोर्टिंग का समय और अन्य जरूरी निर्देश होंगे, परीक्षा से लगभग 2 से 3 दिन पहले जारी किए जाने की उम्मीद है।
Santosh Kumar