CJP Protest: सीजेपी प्रोटेस्ट से पहले दिल्ली में 23,000 सीएपीएफ जवान तैनात, प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार

Press Trust of India | October 9, 2026 | 04:34 PM IST | 2 mins read

दिल्ली पुलिस ने पिछले प्रदर्शन के दौरान नियमों के उल्लंघन का हवाला देते हुए जंतर-मंतर पर कॉजपा के प्रस्तावित प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया।

दिल्ली पुलिस को केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के लगभग 23,000 जवान उपलब्ध कराए गए हैं। (प्रतीकात्मक-विकिमीडिया कॉमन्स)

नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी में कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के 10 अक्टूबर को प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन से पहले दिल्ली पुलिस के संयुक्त आयुक्त मधुर वर्मा ने शुक्रवार को पुलिसकर्मियों से संयम के साथ भीड़ को नियंत्रित करने को कहा। मध्य रेंज के पुलिस संयुक्त आयुक्त वर्मा ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''तूफान के लिए तैयार रहें। संयम का अभ्यास करें। शांति की रक्षा करें, क्योंकि पुलिस की असली ताकत केवल भीड़ को नियंत्रित करने में नहीं है, बल्कि अनुशासन, गरिमा और न्यूनतम बल के साथ ऐसा करने में है।''

यह अपील कॉजपा द्वारा बुलाए गए विरोध प्रदर्शन से पहले सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच आई है। गृह मंत्रालय ने 8 से 12 अक्टूबर के बीच तैनाती के लिए दिल्ली पुलिस को केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के लगभग 23,000 जवान उपलब्ध कराए हैं।

यह विरोध प्रदर्शन मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग के संबंध में बढ़ते प्रदर्शनों के बीच हो रहा है।

CJP Protest: विरोध-प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार

इस संबंध में एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि दिल्ली पुलिस ने पिछले प्रदर्शन के दौरान नियमों के उल्लंघन का हवाला देते हुए जंतर-मंतर पर कॉजपा के प्रस्तावित प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया।

अधिकारी ने कहा कि पुलिस को अनुमति मांगने वाला आवेदन सात अक्टूबर को मिला, जो निर्धारित विरोध प्रदर्शन से महज तीन दिन पहले दिया गया, जबकि नियमों के अनुसार आवेदन कम से कम 10 दिन पहले जमा करना आवश्यक है।

अधिकारियों ने बताया कि केंद्र की अतिरिक्त तैनाती से केंद्रीय बलों के जवानों की संख्या 25,000 से अधिक हो जाएगी। पुलिस ने ''अनियंत्रित भीड़'' की संभावना का हवाला देते हुए 57 मेट्रो स्टेशन बंद करने को कहा है।

Also read CJP Protests: सीजेपी प्रोटेस्ट के चलते दिल्ली मेट्रो के 57 स्टेशन आज रात 9 बजे से रहेंगे बंद, ट्रेनें रद्द

CJP Protest: मेट्रो स्टेशन बंद, सीमाओं पर सतर्कता बढ़ी

सीजेपी प्रदर्शन के मद्देनजर सुरक्षा कारणों से दिल्ली मेट्रो के राजीव चौक, नयी दिल्ली, केंद्रीय सचिवालय, पटेल चौक और कश्मीरी गेट समेत 57 स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार शुक्रवार रात 9:00 बजे से अगले आदेश तक बंद रहेंगे।

अधिकारियों ने बताया कि बहुस्तरीय बैरिकेडिंग व्यवस्था की जाएगी, जबकि नियंत्रण कक्षों से सीसीटीवी कैमरों के जरिए स्थिति पर नजर रखी जाएगी। पूरी राजधानी में चेहरे की पहचान करने वाले (फेस रिकग्निशन) कैमरे भी लगाए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि पुलिस ने राजधानी में प्रवेश पर नजर रखने के लिए गाजीपुर, चिल्ला, टिकरी, सिंघू, गुरुग्राम, कापसहेड़ा, लोनी और बदरपुर सहित शहर की सीमाओं पर सतर्कता बढ़ा दी है।

MakeCAREERS360
My Trusted Source
Add as a preferred source on google
[

विशेष समाचार

]
[

नवीनतम शिक्षा समाचार

]