Trusted Source Image

MP Police Constable Exam Postponed: युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ का राजनीतिक पार्टियों ने बीजेपी पर लगाया आरोप

Press Trust of India | November 23, 2026 | 05:39 PM IST | 2 mins read

कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी का यह आलम है कि जिस पद के लिए शैक्षणिक पात्रता 12वीं है, उस पद के लिए 42 पीएचडी धारक, 12000 इंजीनियर, 51000 स्नातकोत्तर और 3.25 लाख स्नातक छात्र आवेदन कर रहे हैं।

यह परीक्षा 19 नवंबर से 22 नवंबर के बीच प्रस्तावित थी लेकिन निर्धारित तारीख निकलने के बाद भी परीक्षा आयोजित नहीं हो सकी थी। (प्रतीकात्मक-फ्रीपिक)
यह परीक्षा 19 नवंबर से 22 नवंबर के बीच प्रस्तावित थी लेकिन निर्धारित तारीख निकलने के बाद भी परीक्षा आयोजित नहीं हो सकी थी। (प्रतीकात्मक-फ्रीपिक)

नई दिल्ली: मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल ने 7500 पदों पर होने वाली आरक्षक भर्ती परीक्षा स्थगित कर दी है, जिसके बाद कांग्रेस और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार को आड़े हाथों लेते हुए उसपर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। मंडल ने रविवार देर रात परीक्षा स्थगित किए जाने की सूचना जारी की। 

यह परीक्षा 19 नवंबर से 22 नवंबर के बीच प्रस्तावित थी लेकिन निर्धारित तारीख निकलने के बाद भी परीक्षा आयोजित नहीं हो सकी थी। मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि राज्य में युवाओं के भविष्य के साथ इससे बड़ा मजाक क्या होगा कि 19 नवंबर से शुरू होने वाली पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा अब स्थगित कर दी गई है। 

उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर की गई एक पोस्ट में कहा कि लाखों अभ्यर्थी महीनों की मेहनत के बाद परीक्षा का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन सरकार परीक्षा तक समय पर नहीं करा पा रही। सिंघार ने कहा, “कोई दिन-रात पढ़ रहा है, कोई नौकरी की उम्मीद लगाए बैठा है और कोई अपने भविष्य को लेकर चिंतित है लेकिन भाजपा सरकार को युवाओं की चिंता नहीं, सिर्फ विज्ञापनों की चिंता है।” 

Also read 

कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी का यह आलम है कि जिस पद के लिए शैक्षणिक पात्रता 12वीं है, उस पद के लिए 42 पीएचडी धारक, 12000 इंजीनियर, 51000 स्नातकोत्तर और 3.25 लाख स्नातक छात्र आवेदन कर रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव को टैग करते हुए लिखा, “युवाओं के भविष्य के साथ यह खिलवाड़ बंद कीजिए। परीक्षा की नयी तारीख तुरंत घोषित कर भर्ती प्रक्रिया पूरी कीजिए।”

मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के राज्य सचिव जसविंदर सिंह ने एक बयान में कहा कि कर्मचारी चयन मंडल द्वारा 7500 पुलिस आरक्षकों की भर्ती परीक्षा को अचानक स्थगित कर दिए जाने से इस परीक्षा की तैयारी कर रहे 7.54 लाख अभ्यर्थियों के साथ कर्मचारी चयन मंडल और भाजपा की मोहन यादव सरकार ने घिनौना मजाक कर उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। 

उन्होंने कहा कि महीनों से अभ्यर्थी कोचिंग सेंटर पर हजारों रुपये खर्च कर तैयारी कर रहे थे लेकिन बिना किसी वाजिब कारण के इसे अचानक स्थगित कर दिया गया है। सिंह ने कहा है कि सरकार की परीक्षा आयोजित कराने में अक्षमता का दंड प्रदेश के युवाओं को भुगतना पड़ रहा है। माकपा ने बिना देरी परीक्षा की तिथि घोषित करने की मांग की।

MakeCAREERS360
My Trusted Source
Trusted Source ImageAdd as a preferred source on google