UPESSC: सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा रद्द होने की सूचना फर्जी, अध्यक्ष बोले- 3 व 4 दिसंबर को ही होगी परीक्षा
Santosh Kumar | November 20, 2026 | 07:38 AM IST | 2 mins read
कुमार ने अभ्यर्थियों से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही अपुष्ट खबरों और भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान न दें तथा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा की तैयारी जारी रखें।
लखनऊ: उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा निरस्त किए जाने संबंधी सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही सूचना को फर्जी और भ्रामक करार देते हुए स्पष्ट किया है कि परीक्षा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार तीन और चार दिसंबर 2026 को ही आयोजित की जाएगी। आयोग के अध्यक्ष डॉक्टर प्रशांत कुमार ने बृहस्पतिवार को एक बयान में कहा कि विज्ञापन संख्या 05/2026 के तहत सहायक अध्यापक और सहायक अध्यापक प्राथमिक शहरी पदों के लिए आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा की तारीखों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
उन्होंने बताया कि इन पदों के लिए आयोग ने 15 सितंबर 2026 को विज्ञापन जारी किया था। कुमार ने अभ्यर्थियों से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही अपुष्ट खबरों और भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान न दें तथा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा की तैयारी जारी रखें।
UPESSC: परीक्षा निरस्त होने की फर्जी सूचना प्रसारित
आयोग के उप सचिव संजय कुमार सिंह ने बताया कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा सोशल मीडिया मंचों पर आयोग के आधिकारिक लेटरहेड, लोगो और नाम का दुरुपयोग करते हुए परीक्षा निरस्त होने की फर्जी सूचना प्रसारित की गई है।
उन्होंने बताया कि इस सूचना को वास्तविक दिखाने के लिए उप सचिव के जाली हस्ताक्षर का भी इस्तेमाल किया गया है। सिंह ने बताया कि आयोग ने इस मामले को गंभीरता से लिया है और फर्जी सूचना प्रसारित करने वाले संबंधित व्यक्तियों एवं संस्था के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
UPESSC Assistant Professor Exam: आयोग के अध्यक्ष ने क्या कहा?
उन्होंने बताया कि इस संबंध में प्रयागराज के कर्नलगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई जा रही है। अध्यक्ष ने कहा कि भर्ती परीक्षा को लेकर किसी भी प्रकार का संशोधन, बदलाव या आधिकारिक सूचना केवल आयोग के अधिकृत माध्यमों से ही जारी की जाती है, ऐसे में अभ्यर्थियों को सोशल मीडिया या अन्य अनधिकृत माध्यमों से मिलने वाली सूचनाओं पर भरोसा करने से बचना चाहिए।
उन्होंने अभ्यर्थियों से यह भी आग्रह किया कि वे बिना पुष्टि किए किसी भी सूचना को आगे साझा न करें, क्योंकि इससे अन्य अभ्यर्थियों में अनावश्यक भ्रम और असमंजस की स्थिति पैदा हो सकती है।
आयोग ने स्पष्ट किया कि परीक्षा से संबंधित प्रमाणिक जानकारी उसकी आधिकारिक वेबसाइट और अधिकृत 'एक्स' हैंडल पर उपलब्ध होगी। आयोग ने कहा कि अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा कार्यक्रम और अन्य आवश्यक जानकारियों के लिए इन्हीं आधिकारिक माध्यमों का नियमित रूप से अवलोकन करें।
अगली खबर
]विशेष समाचार
]- National Education Day 2026: राष्ट्रीय शिक्षा दिवस आज, जानें महत्व, इतिहास व मौलाना अबुल कलाम आजाद का योगदान
- Delhi Medical College: गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल में एमबीबीएस-पीजी की 190 सीटों वाला मेडिकल कॉलेज खुलेगा
- IIM Lucknow: आईआईएम लखनऊ ने फैमिली बिजनेस में एमबीए प्रोग्राम लॉन्च किया, पहला बैच जुलाई 2027 में, फीस जानें
- IRIS 2026: 27 क्षेत्रों के 54 स्कॉलर्स को मिला फैकल्टी रिसर्च अवार्ड; आईआईटी, एम्स, आईआईएम के शोधकर्ता शामिल
- IRIS 2026: इंडिया रिसर्च एंड इम्पैक्ट समिट 1 अक्टूबर को, नीति आयोग सदस्य समेत कई दिग्गज एजुकेटर्स होंगे शामिल
- UPSC Mains Marks: केंद्रीय सूचना आयोग ने यूपीएससी मेंस के अंकों का विवरण प्रकाशित करने की सिफारिश की
- JEE Advanced: जेईई-एडवांस्ड में 3 प्रयास की मांग तेज, 12,000 से अधिक अभ्यर्थियों ने मंत्रालय को दिया प्रतिवेदन
- NITI Aayog Report: स्कूलों में छठी कक्षा से ही रोजगारपरक कौशल पर हो ध्यान, नीति आयोग का सुझाव
- आजादी के 80वें साल में भी 'कागजी' दावों के बीच फंसी शिक्षा व्यवस्था; पेपर लीक व बजट की कमी से जूझ रहे छात्र
- Teacher Vacancy Crisis: बिहार में टीचर्स के 2.70 लाख+ पद खाली; झारखंड, एमपी समेत कई राज्यों में हजारों वैकेंसी