Santosh Kumar | November 20, 2026 | 07:38 AM IST | 2 mins read
कुमार ने अभ्यर्थियों से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही अपुष्ट खबरों और भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान न दें तथा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा की तैयारी जारी रखें।

लखनऊ: उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा निरस्त किए जाने संबंधी सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही सूचना को फर्जी और भ्रामक करार देते हुए स्पष्ट किया है कि परीक्षा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार तीन और चार दिसंबर 2026 को ही आयोजित की जाएगी। आयोग के अध्यक्ष डॉक्टर प्रशांत कुमार ने बृहस्पतिवार को एक बयान में कहा कि विज्ञापन संख्या 05/2026 के तहत सहायक अध्यापक और सहायक अध्यापक प्राथमिक शहरी पदों के लिए आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा की तारीखों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
उन्होंने बताया कि इन पदों के लिए आयोग ने 15 सितंबर 2026 को विज्ञापन जारी किया था। कुमार ने अभ्यर्थियों से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही अपुष्ट खबरों और भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान न दें तथा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा की तैयारी जारी रखें।
आयोग के उप सचिव संजय कुमार सिंह ने बताया कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा सोशल मीडिया मंचों पर आयोग के आधिकारिक लेटरहेड, लोगो और नाम का दुरुपयोग करते हुए परीक्षा निरस्त होने की फर्जी सूचना प्रसारित की गई है।
उन्होंने बताया कि इस सूचना को वास्तविक दिखाने के लिए उप सचिव के जाली हस्ताक्षर का भी इस्तेमाल किया गया है। सिंह ने बताया कि आयोग ने इस मामले को गंभीरता से लिया है और फर्जी सूचना प्रसारित करने वाले संबंधित व्यक्तियों एवं संस्था के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में प्रयागराज के कर्नलगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई जा रही है। अध्यक्ष ने कहा कि भर्ती परीक्षा को लेकर किसी भी प्रकार का संशोधन, बदलाव या आधिकारिक सूचना केवल आयोग के अधिकृत माध्यमों से ही जारी की जाती है, ऐसे में अभ्यर्थियों को सोशल मीडिया या अन्य अनधिकृत माध्यमों से मिलने वाली सूचनाओं पर भरोसा करने से बचना चाहिए।
उन्होंने अभ्यर्थियों से यह भी आग्रह किया कि वे बिना पुष्टि किए किसी भी सूचना को आगे साझा न करें, क्योंकि इससे अन्य अभ्यर्थियों में अनावश्यक भ्रम और असमंजस की स्थिति पैदा हो सकती है।
आयोग ने स्पष्ट किया कि परीक्षा से संबंधित प्रमाणिक जानकारी उसकी आधिकारिक वेबसाइट और अधिकृत 'एक्स' हैंडल पर उपलब्ध होगी। आयोग ने कहा कि अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा कार्यक्रम और अन्य आवश्यक जानकारियों के लिए इन्हीं आधिकारिक माध्यमों का नियमित रूप से अवलोकन करें।