SSC Stenographer Result 2025: एसएससी स्टेनोग्राफर ग्रेड 'C' और 'D' परीक्षा के लिए पहले राउंड का एलोकेशन जारी

Saurabh Pandey | June 19, 2026 | 09:31 AM IST | 3 mins read

एसएससी ने स्टेनोग्राफर ग्रेड 'C' (228 पद) और 'D' (1,483 पद) भर्ती परीक्षा 2025 के लिए पहले दौर का टेंटेटिव सीट आवंटन (FRTA) जारी कर दिया है। रिक्तियों को पूरी तरह भरने के लिए शुरू किए गए 'स्लाइडिंग मैकेनिज्म' के तहत चयनित उम्मीदवारों को 19 से 22 जून 2026 तक स्लॉट बुक करना होगा।

आयोग ने खाली रहने वाली सीटों को भरने और उम्मीदवारों को निष्पक्ष अवसर देने के उद्देश्य से इस बार 'स्लाइडिंग मैकेनिज्म' लागू किया है। (आधिकारिक वेबसाइट)

नई दिल्ली : कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने स्टेनोग्राफर ग्रेड 'सी' और 'डी' परीक्षा 2025 के लिए 'फर्स्ट राउंड ऑफ टेंटेटिव एलोकेशन' (FRTA) यानी पहले दौर के अंतरिम पद आवंटन की घोषणा कर दी है। आयोग द्वारा जारी किए गए आधिकारिक नोटिस के अनुसार, यह आवंटन उम्मीदवारों द्वारा ऑनलाइन माध्यम से दर्ज की गई प्राथमिकता और उनकी मेरिट के आधार पर विभिन्न मंत्रालयों, विभागों और कार्यालयों के लिए किया गया है। इस प्रक्रिया में शामिल होने वाले उम्मीदवार एसएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर पूरी लिस्ट चेक कर सकते हैं।

आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, स्टेनोग्राफर ग्रेड 'सी' की कुल 232 रिक्तियों के मुकाबले 228 उम्मीदवारों को प्रोविजनली शॉर्टलिस्ट किया गया है, जबकि एसटी (ST) कैटेगरी में योग्य उम्मीदवार न मिलने के कारण 4 रिक्तियां खाली रह गईं। वहीं दूसरी ओर, स्टेनोग्राफर ग्रेड 'डी' की सभी 1,483 रिक्तियों के लिए पूरे 1,483 उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट कर लिया गया है।

स्लाइडिंग मैकेनिज्म की प्रक्रिया

आयोग ने खाली रहने वाली सीटों को भरने और उम्मीदवारों को निष्पक्ष अवसर देने के उद्देश्य से इस बार 'स्लाइडिंग मैकेनिज्म' लागू किया है। इस प्रक्रिया में शामिल होने के लिए शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों को एसएससी की वेबसाइट पर लॉगिन करके 19 जून 2026 से 22 जून 2026 के बीच वेन्यू, तारीख और स्लॉट का चयन करना होगा। इसके बाद संबंधित क्षेत्रीय कार्यालयों के शहरों में 1 जुलाई 2026 से 2 जुलाई 2026 तक यह स्लाइडिंग प्रक्रिया फिजिकल रूप से आयोजित की जाएगी।

आयोग ने स्पष्ट किया है कि जो उम्मीदवार इसमें शारीरिक रूप से उपस्थित नहीं होंगे, उन्हें अनुपस्थित मानकर अंतिम परिणाम की रेस से बाहर कर दिया जाएगा। सभी चयनित और अचयनित उम्मीदवारों के फाइनल मार्क्स अंतिम परिणाम घोषित होने के बाद वेबसाइट पर अपलोड किए जाएंगे।

स्किल टेस्ट के लिए निर्धारित कट-ऑफ

एसएससी ने स्किल टेस्ट में होने वाली गलतियों के प्रतिशत के आधार पर कैटेगरी वाइज कट-ऑफ भी तय कर दी है-

  1. स्टेनोग्राफर ग्रेड 'सी' - अनारक्षित (UR) वर्ग के लिए अधिकतम 5% गलतियों और सभी आरक्षित वर्गों के लिए अधिकतम 7% गलतियों की अनुमति दी गई थी।
  2. स्टेनोग्राफर ग्रेड 'डी' - अनारक्षित (UR) वर्ग के लिए अधिकतम 7% गलतियों और सभी आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों के लिए अधिकतम 10% तक की गलतियों की छूट तय की गई थी।

टाई केस होने पर ऐसे तैयार हुई मेरिट

यदि कंप्यूटर आधारित परीक्षा में दो या दो से अधिक उम्मीदवारों को एक समान अंक मिले हैं, तो उनका फैसला करने के लिए एक विशेष टाई-रिजॉल्यूशन फॉर्मूला अपनाया गया है। इसके तहत सबसे पहले 'पार्ट-III' (अंग्रेजी भाषा और कॉम्प्रिहेंशन) के अंकों को देखा गया है। इसके बाद भी टाई रहने पर 'पार्ट-II' (सामान्य जागरूकता) के अंक, फिर उम्मीदवार की जन्मतिथि (अधिक उम्र वाले को प्राथमिकता) और अंत में नाम के वर्णानुक्रम (Alphabetical order) के आधार पर मेरिट तय की गई है।

Also read SSC CGL Tier-II Final Answer Key 2026: एसएससी सीजीएल टियर 2 फाइनल आंसर की ssc.gov.in पर जारी

कंप्यूटर आधारित परीक्षा और स्किल टेस्ट के आंकड़े

इससे पहले आयोग ने 28 नवंबर 2025 को कंप्यूटर आधारित परीक्षा का परिणाम घोषित किया था। इसमें ग्रेड 'सी' के लिए 8,624 और ग्रेड 'डी' के लिए 22,456 उम्मीदवार स्टेनोग्राफी स्किल टेस्ट के लिए सफल घोषित हुए थे। इसके बाद आयोजित हुए स्किल टेस्ट में ग्रेड 'सी' के लिए 4,907 और ग्रेड 'डी' के लिए 12,564 उम्मीदवार उपस्थित हुए। इनमें से जिन 10,132 उम्मीदवारों ने ऑनलाइन विकल्प-सह-प्राथमिकता (Option-cum-preference) जमा की थी, उन्हें ही इस चयन प्रक्रिया के अगले चरण के लिए विचार में लिया गया है।

MakeCAREERS360
My Trusted Source
Add as a preferred source on google
[

विशेष समाचार

]
[

नवीनतम शिक्षा समाचार

]