Saurabh Pandey | November 6, 2026 | 11:48 AM IST | 1 min read
यूकेएसएसएससी ने पशुधन प्रसार अधिकारी और अन्य भर्ती परीक्षाओं की उत्तर-कुंजी जारी कर दी है। उम्मीदवार 11 नवंबर से अपनी आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं।

नई दिल्ली : उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने पशुधन प्रसार अधिकारी, सर्वेक्षक, लाइनमैन, मनोवैज्ञानिक, प्रशिक्षक/अनुदेशक और पर्यटक अधिकारी सहित विभिन्न पदों के लिए आयोजित की गई लिखित परीक्षाओं की अंतरिम उत्तर-कुंजी जारी कर दी है। आयोग ने चारों पेपर सेट (A, B, C, D) की उत्तर-कुंजियां अभ्यर्थियों के लिए आधिकारिक वेबसाइट ssc.uk.gov.in पर अपलोड कर दी हैं।
लिखित परीक्षा में शामिल हुए अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट sssc.uk.gov.in पर जाकर उत्तर-कुंजी देख सकते हैं। यदि किसी अभ्यर्थी को प्रश्नों या उनके उत्तरों पर कोई आपत्ति है, तो वे 11 नवंबर, 2026 से 15 नवंबर, 2026 तक केवल ऑनलाइन माध्यम से अपनी आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं।
यूकेएसएसएससी आंसर की के खिलाफ आपत्तियां दर्ज कराने के लिए ऑनलाइन लिंक 11 नवंबर को वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को आपत्ति दर्ज कराने के लिए प्रत्येक प्रश्न के लिए 50 रुपये का शुल्क देना होगा। अभ्यर्थियों को आपत्ति दर्ज करते समय संबंधित प्रश्न के समर्थन में सहायक साक्ष्य या सोर्स अपलोड करना अनिवार्य होगा।
आयोग की वेबसाइट पर दिए गए आधिकारिक लिंक के अलावा डाक, ई-मेल या अन्य किसी भी माध्यम से भेजी गई आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा। 15 नवंबर, 2026 को शाम 5 बजे के बाद प्राप्त होने वाले किसी भी प्रत्यावेदन को स्वीकार नहीं किया जाएगा।