Saurabh Pandey | November 6, 2026 | 07:50 AM IST | 1 min read
यूपीएससी ने एनडीए-एनए परीक्षा का फाइनल रिजल्ट upsc.gov.in पर जारी कर दिया है। इस परीक्षा के माध्यम से कुल 617 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है।

नई दिल्ली : संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने राष्ट्रीय रक्षा अकादमी और नौसेना अकादमी परीक्षा (I) भर्ती परीक्षा 2026 का फाइनल रिजल्ट घोषित कर दिया है। इसके तहत कुल 617 उम्मीदवारों को राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) के 157वें कोर्स (आर्मी, नेवी और एयर फोर्स विंग) और भारतीय नौसेना अकादमी (INAC) के 119वें कोर्स में प्रवेश के लिए सफल घोषित किया गया है।
यह मेरिट सूची 12 अप्रैल, 2026 को आयोजित लिखित परीक्षा और उसके बाद रक्षा मंत्रालय के सेवा चयन बोर्ड (SSB) द्वारा लिए गए इंटरव्यू में उम्मीदवारों के प्रदर्शन के आधार पर तैयार की गई है। जो उम्मीदवार इन दोनों चरणों में शामिल हुए थे, वे अब आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर फाइनल चयन सूची देख सकते हैं।
यूपीएससी के अनुसार, अंतिम परिणाम घोषित होने के 15 दिन बाद उम्मीदवारों के अंक आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड किए जाएंगे।
यूपीएससी एनडीए-एनए 1 फाइनल 2026 पुरुष उम्मीदवारों की सूची में ईशान पचौरी ने पहला स्थान हासिल किया है, और महिला उम्मीदवारों में श्रेया एन गौड़ा पहले स्थान पर हैं। फाइनल रिजल्ट की मेरिट लिस्ट पीडीएफ अब upsc.gov.in पर उपलब्ध है।
उम्मीदवार किसी भी प्रकार की जानकारी या स्पष्टीकरण के लिए आयोग के परिसर में स्थित सुविधा केंद्र से सुबह 10 बजे से शाम 5:30 बजे के बीच संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा उम्मीदवार टेलीफोन नंबर 011-24041001 और 011-40303444 पर भी सहायता प्राप्त कर सकते हैं। एसएसबी या इंटरव्यू से संबंधित जानकारी के लिए संबंधित सेना शाखाओं के हेल्पलाइन नंबर और आधिकारिक वेबसाइट्स पर संपर्क किया जा सकता है।