Saurabh Pandey | November 5, 2026 | 07:01 PM IST | 1 min read
यूपीएससी ने सिविल सेवा मुख्य परीक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया है। परीक्षा में शामिल हुए उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर जाकर अपना रिजल्ट चेक कर सकते हैं।

नई दिल्ली : संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा (मुख्य) परीक्षा 2026 का परिणाम जारी कर दिया है। मुख्य परीक्षा में शामिल होने वाले सभी उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर अपना परिणाम देख सकते हैं। आयोग ने कुल 2,526 उम्मीदवारों को पर्सनैलिटी टेस्ट (इंटरव्यू) के लिए सफल घोषित किए गए हैं।
इंटरव्यू के लिए योग्य पाए गए उम्मीदवारों को अपने ऑनलाइन आवेदन पत्र में जरूरी विवरण भरने या अपडेट करने होंगे। यह सुविधा यूपीएससी के ऑनलाइन पोर्टल पर 11 नवंबर से 25 नवंबर 2026 को शाम 6 बजे तक उपलब्ध रहेगी।
इंटरव्यू, नई दिल्ली के शाहजहां रोड स्थित धौलपुर हाउस में आयोग के कार्यालय में आयोजित किए जाएंगे। ई-समन लेटर आयोग की आधिकारिक वेबसाइट और ऑनलाइन आवेदन पोर्टल पर उपलब्ध कराए जाएंगे। आयोग ने स्पष्ट किया है कि कोई भी फिजिकल समन लेटर जारी नहीं किया जाएगा।
यूपीएससी सिविल सेवा भर्ती के लिए पर्सनैलिटी टेस्ट आयोजित होने और अंतिम परिणाम घोषित किए जाने के 15 दिनों के भीतर, सभी उम्मीदवारों की मार्कशीट आयोग की वेबसाइट पर अपलोड कर दी जाएंगी। ये 30 दिनों तक उपलब्ध रहेंगी।
यूपीएससी सिविल सेवा मुख्य परीक्षा 21 से 30 अगस्त, 2026 तक आयोजित की गई थी। सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा पास करने के बाद, कुल 13,343 उम्मीदवार लिखित परीक्षा के लिए सफल घोषित किए गए थे।