समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा को बताया शिक्षा, शिक्षक और शिक्षार्थी विरोधी पार्टी

Santosh Kumar | November 9, 2026 | 06:47 PM IST | 2 mins read

सपा प्रमुख ने कहा कि शिक्षकों पर अविश्वास जताकर और उनका तिरस्कार करके भाजपा सरकार ने साबित कर दिया है कि वह न तो शिक्षा का सम्मान करती है, न शिक्षकों का, न शिक्षार्थियों का।

सपा प्रमुख ने अपनी पोस्ट के साथ एक विदेशी समाचार चैनल की वीडियो क्लिप भी साझा की है। (इमेज-एक्स/@yadavakhilesh)

लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा शिक्षा, शिक्षक, शिक्षार्थी विरोधी है। उन्होंने कहा कि स्कूलों को बंद करने वाली भाजपा सरकार के समय में अगर एक भी बच्चा पढ़ने से वंचित हो गया तो अर्थव्यवस्था एक हजार अरब डॉलर की हो या पांच हजार अरब डॉलर की हो, उसकी उपलब्धि तो शून्य ही मानी जाएगी। सपा प्रमुख ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, ''गांवों में सार्वजनिक परिवहन नहीं होने के अलावा असुरक्षा की वजह से 'विलय' के बाद बच्चियां दूर के स्कूलों में नहीं भेजी जाएंगी, इससे महिला शिक्षा में कमी आएगी। लोग अपने बच्चों को स्कूल से निकाल रहे हैं, लेकिन ये सब बातें परिवारवाले ही समझ सकते हैं।''

उन्होंने कहा, "भाजपा रूढ़िवादी है और ये जानती है कि पढ़ा-लिखा व्यक्ति सवाल उठाता है, वो विभाजनकारी राजनीति का विरोध करता है। इसीलिए स्कूल जितने कम होंगे, उतना ही भाजपा का विरोध कम होगा। शिक्षित नौकरी मांगेगा।''

अखिलेश यादव ने भाजपा नीत सरकार को घेरा

अखिलेश ने कहा कि सरकारी नौकरी होगी तो आरक्षण भी देना पड़ेगा। इसीलिए आरक्षण विरोधी भाजपा के एजेंडे में नौकरी है ही नहीं। उन्होंने कहा कि बच्चों के माता-पिता व अध्यापकों को जितनी जल्दी यह बात समझ में आ जाएगी कि भाजपा सरकार शिक्षा, शिक्षार्थी व शिक्षकों के खिलाफ है और उसकी वजह से बच्चों का भविष्य अंधकारमय है, उतनी ही जल्दी परिवर्तन के लिए जमीन बननी तैयार हो जाएगी।

यादव ने कहा,''भाजपा शिक्षार्थियों व शिक्षकों को विरोध में एक ऐसा आंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य न करे जिससे हर क्षेत्र में ठहराव आ जाए। भाजपा शिक्षार्थियों व शिक्षकों की समस्याओं के प्रति हमेशा बेरुखी का नजरिया अपनाती है।''

Also read अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के 105 साल के इतिहास में नशरा नईम छात्र संघ की पहली महिला उपाध्यक्ष निर्वाचित

सपा प्रमुख ने कहा- भाजपा हृदय विहीन सरकार

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार हृदय विहीन सरकार है। पूर्व सीएम ने कहा,''सबको याद है कि हमने 'ऑनलाइन हाजिरी' के आंदोलन के समय कहा था कि शिक्षकों का सम्मान और उन पर विश्वास करने से ही अच्छी पीढ़ी जन्म लेती है।''

उन्होंने कहा कि गुरुओं के साथ जो अभद्र भाषा बोलते हैं, उनका अपमान करते हैं वो अशिक्षित के समान ही हैं। उन्होंने कहा कि 'अहंकार' लोगों को अनपढ़ बना देता है क्योंकि अहंकारी न तो किसी की तकलीफ-दुख को पढ़ता है, न सुनता है।

सपा प्रमुख ने कहा कि शिक्षकों पर अविश्वास जताकर और उनका तिरस्कार करके भाजपा सरकार ने साबित कर दिया है कि वह न तो शिक्षा का सम्मान करती है, न शिक्षकों का, न शिक्षार्थियों का। उन्होंने ने कहा,''अब शिक्षा विरोधी भाजपा जाएगी, फिर कभी नहीं आएगी।''

MakeCAREERS360
My Trusted Source
Add as a preferred source on google
[

विशेष समाचार

]
[

नवीनतम शिक्षा समाचार

]