Saurabh Pandey | November 9, 2026 | 08:00 PM IST | 1 min read
यूकेएसएसएससी ने उत्तराखंड सहायक बोरिंग टेक्नीशियन सहित विभिन्न पदों के लिए डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन का शेड्यूल जारी कर दिया है। इन पदों के लिए पात्र उम्मीदवार अब दस्तावेज सत्यापन में भाग लेंगे।

नई दिल्ली : उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने सहायक बोरिंग टेक्नीशियन, एडवेंचर स्पोर्ट्स ऑफिसर, कैमरामैन, टेक्निकल असिस्टेंट (इतिहास) और कंप्यूटर प्रोग्रामर के पदों पर आयोजित लिखित परीक्षा के बाद दस्तावेज सत्यापन का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है।
दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया 17 और 18 नवंबर 2026 को रायपुर, देहरादून स्थित आयोग कार्यालय में सुबह 9:30 बजे से आयोजित की जाएगी। आयोग द्वारा जारी तिथियों के अनुसार, सहायक बोरिंग टेक्नीशियन पद की सूची के सीरियल नंबर 1 से 24 तक के अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच 17 नवंबर 2026 (मंगलवार) को की जाएगी।
वहीं 18 नवंबर 2026 (बुधवार) को सहायक बोरिंग तकनीशियन (सीरियल नंबर 25 से 39) के साथ-साथ एडवेंचर स्पोर्ट्स ऑफिसर (1 से 2), कैमरामैन (1 से 2), टेक्निकल असिस्टेंट हिस्ट्री (1 से 2) और कंप्यूटर प्रोग्रामर (1 से 2) के चयनित अभ्यर्थियों का सत्यापन होगा।
डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए उपस्थित होने वाले अभ्यर्थियों को सत्यापन प्रक्रिया शुरू होने से पहले बायोमेट्रिक सत्यापन कराना अनिवार्य किया गया है। अभ्यर्थियों को अपने ऑनलाइन आवेदन में दी गई शैक्षणिक योग्यताओं, आयु, स्थायी निवास और आरक्षण से संबंधित मूल प्रमाण पत्रों के साथ उनकी दो-दो अलग-अलग स्वप्रमाणित प्रतियां और 6 लेटेस्ट पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ लाने होंगे। सरकारी या अर्ध-सरकारी सेवा में कार्यरत अभ्यर्थियों को अपने नियोक्ता का अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) भी प्रस्तुत करना होगा।
अभ्यर्थियों के नाम या माता-पिता के नाम में किसी भी भिन्नता की स्थिति में मूल शपथ पत्र साथ लाना अनिवार्य है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि पर अनुपस्थित रहने पर अभ्यर्थी का अभ्यर्थन निरस्त कर दिया जाएगा और सत्यापन के लिए कोई अन्य अतिरिक्त समय या तिथि नहीं दी जाएगी। आयोग परिसर में मोबाइल फोन या किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लाना पूर्णतः प्रतिबंधित है।