Saurabh Pandey | November 16, 2026 | 12:01 PM IST | 1 min read
यूपी बोर्ड ने कक्षा 10वीं-12वीं की वार्षिक परीक्षा के लिए प्रस्तावित केंद्रों की सूची जारी कर दी है। विद्यार्थी या स्कूल प्रबंधक 21 नवंबर तक अपनी आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।

नई दिल्ली : माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश (UPMSP) ने वर्ष 2027 की हाईस्कूल (10वीं) और इंटरमीडिएट (12वीं) परीक्षाओं के लिए प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों (विद्यालय छात्र आवंटन सहित) की सूची जारी कर दी है। विद्यार्थी, अभिभावक और विद्यालय प्रबंधन परिषद की आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in पर जाकर यह सूची देख सकते हैं और किसी भी प्रकार की आपत्ति होने पर 21 नवंबर, 2026 तक ऑनलाइन शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित जनपदीय केंद्र निर्धारण समिति के अनुमोदन के बाद यह सूची परिषद की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है।
यूपी बोर्ड द्वारा जारी निर्देश के मुताबिक, यदि वेबसाइट पर प्रदर्शित परीक्षा केंद्रों या छात्र आवंटन के संबंध में किसी को कोई आपत्ति या शिकायत है, तो छात्र, अभिभावक, प्रधानाचार्य या प्रबंधक अपना प्रत्यावेदन भेज सकते हैं।
इसके लिए संबंधित विद्यालय की आईडी के माध्यम से कारणों और साक्ष्यों सहित परिषद के पोर्टल upmsp.edu.in पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। निर्धारित तिथि के बाद किसी भी प्रकार की शिकायत पर विचार नहीं किया जाएगा और न ही उन्हें स्वीकार किया जाएगा।