Saurabh Pandey | November 16, 2026 | 11:00 AM IST | 2 mins read
एआईसीटीई इंडस्ट्री फेलोशिप प्रोग्राम के लिए आवेदन प्रक्रिया चल रही है। उम्मीदवार 15 दिसंबर तक अपना आवेदन फॉर्म जमा कर सकते हैं। चयनित उम्मीदवारों को हर महीने 1 लाख रुपये मिलेंगे।

नई दिल्ली : अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (AICTE) ने 'इंडस्ट्री फेलोशिप प्रोग्राम' (IFP) 2026-27 के दूसरे चरण के लिए फैकल्टी सदस्यों से आवेदन मांगे हैं। इस कार्यक्रम के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और इच्छुक उम्मीदवार 15 दिसंबर तक आधिकारिक फेलोशिप पोर्टल ifp.aicte.gov.in के माध्यम से अपना फॉर्म जमा कर सकते हैं।
एक वर्ष की अवधि वाले इस फेलोशिप प्रोग्राम का मुख्य उद्देश्य उद्योग और शिक्षा जगत के बीच सहयोग को मजबूत करना है। इसके तहत शिक्षकों को औद्योगिक परिवेश में काम करने का अवसर मिलेगा, जिससे वे तकनीकों, अनुसंधान और कार्यस्थल की वास्तविक जरूरतों का प्रैक्टिकल अनुभव प्राप्त कर सकेंगे।
इस कार्यक्रम के लिए ऐसे उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं जो AICTE से मान्यता प्राप्त संस्थानों या विश्वविद्यालयों में रेगुलर फैकल्टी सदस्य के रूप में कार्यरत हैं। पार्ट-टाइम, एड-हॉक, संविदा, विजिटिंग फैकल्टी इसके लिए पात्र नहीं होंगे। आवेदक के पास मान्यता प्राप्त संस्थान से स्नातक की डिग्री और कम से कम 5 साल का फुलटाइम शिक्षण अनुभव होना अनिवार्य है।
इस कार्यक्रम के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की आयु 13 नवंबर को 50 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। इसके अतिरिक्त, आवेदक के पास अपने मूल संस्थान से नामांकन और अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) होना जरूरी है।
इसके साथ ही उम्मीदवार ने GATE, GRE, CAT, MAT, JRF, SRF या NET जैसी कोई मान्यता प्राप्त प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण की हो, या Scopus/Web of Science जर्नल्स में कम से कम 5 शोध पत्र प्रकाशित किए हों, या कम से कम 15 लाख रुपये की सरकारी परियोजना पूरी की हो, अथवा किसी मान्यता प्राप्त सरकारी एजेंसी या विश्वविद्यालय से 'यंग साइंटिस्ट' या अन्य दक्षता पुरस्कार प्राप्त किया हो।
उम्मीदवारों का चयन दो चरणों में होगा, जिसमें पहले AICTE की एक समिति द्वारा आवेदनों की स्क्रीनिंग और दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा, और इसके बाद संबंधित उद्योग द्वारा इंटरव्यू और अंतिम दस्तावेज सत्यापन होगा। घोषित कार्यक्रम के अनुसार, स्क्रीनिंग, चयन प्रक्रिया और ऑफर लेटर जारी करने का कार्य 16 दिसंबर से 5 जनवरी के बीच पूरा किया जाएगा। चयनित फैकल्टी सदस्यों के लिए यह फेलोशिप 15 से 25 जनवरी के बीच शुरू होने की संभावना है।