Saurabh Pandey | October 6, 2026 | 04:44 PM IST | 2 mins read
हैल्जन वर्तमान में अमेरिका की विस्कॉन्सिन-मैडिसन यूनिवर्सिटी से जुड़े हुए हैं। दक्षिणी ध्रुव पर न्यूट्रिनो को पकड़ने और उन पर शोध करने का उनका काम 1980 के दशक से शुरू हुआ था।

नई दिल्ली : रॉयल स्वीडिश एकेडमी ऑफ साइंसेज ने बेल्जियम मूल के 82 वर्षीय वैज्ञानिक फ्रांसिस हैल्जन (Francis Halzen) को आइसक्यूब न्यूट्रिनो ऑब्जर्वेटरी में उनके योगदान और खगोलीय उत्पत्ति के हाई एनर्जी न्यूट्रिनो की खोज के लिए भौतिकी के नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
नोबेल समिति के अध्यक्ष मार्क पियर्स ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि फ्रांसिस हैल्जन ने शोधकर्ताओं और इंजीनियरों की एक ऐसी अंतरराष्ट्रीय टीम का नेतृत्व किया है, जिसने हमें एक अद्भुत उपकरण दिया है। उनकी दृढ़ता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण ने एक नए प्रकार के एस्ट्रोनॉमी का मार्ग प्रशस्त किया है।
इस वर्ष के पुरस्कारों की घोषणा सोमवार को मेडिसिन के नोबेल पुरस्कार के साथ शुरू हुई, जो तीन वैज्ञानिकों को दिया गया। जिनके काम से एक ऐसा उपकरण बनाने में मदद मिली जो रोशनी के जरिए यह समझने में सहायता करता है कि हमारा दिमाग कैसे काम करता है। इस हफ्ते पुरस्कारों का सिलसिला बुधवार को केमिस्ट्री के पुरस्कार और गुरुवार को साहित्य के पुरस्कार के साथ जारी रहेगा। शुक्रवार को शांति पुरस्कार दिए जाने के बाद, सोमवार को इकोनॉमिक साइंसेज (अर्थशास्त्र) में नोबेल मेमोरियल पुरस्कार की घोषणा की जाएगी।
इस वर्ष नोबेल पुरस्कार के तहत दी जाने वाली कुल राशि 1.2 करोड़ स्वीडिश क्रोनर (लगभग 12 लाख अमेरिकी डॉलर) है। यह राशि किसी एक व्यक्ति को, विजेताओं के छोटे समूह को या फिर किसी संस्था को दी जाती है।
Also read CDAC Recruitment 2026: सी-डैक में विभिन्न पदों भर्ती शुरू, पात्रता मानदंड, चयन प्रक्रिया जानें
पिछले वर्ष (2025) भौतिकी का नोबेल पुरस्कार तीन वैज्ञानिकों को उप-परमाणु कणों के 'क्वांटम टनलिंग' नामक व्यवहार पर शोध के लिए दिया गया था। इस शोध की बदौलत एमआरआई मशीनों से अत्यंत सटीक जांच संभव हो सकी और इससे बेहतर मोबाइल फोन तथा तेज कंप्यूटर बनाने की नींव रखी गई।
नोबेल पुरस्कार विजेताओं को स्वीडन के राजा कार्ल XVI गुस्ताफ द्वारा 10 दिसंबर को स्टॉकहोम में एक समारोह में नोबेल पदक दिए जाते हैं। यह दिन अल्फ्रेड नोबेल की पुण्यतिथि है। पुरस्कार समारोह के बाद स्टॉकहोम सिटी हॉल में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। शांति पुरस्कार, जो एकमात्र ऐसा नोबेल पुरस्कार है जो स्वीडन में नहीं दिया जाता, ओस्लो में अलग से प्रदान किया जाता है।