Press Trust of India | November 22, 2026 | 12:56 PM IST | 1 min read
विद्यालय के पास लगी आरओ मशीन के पास हाथ धोने पहुंची एक महिला ने बच्चे के रोने की आवाज सुनी और ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी।

नई दिल्ली: बलिया के नगरा शिक्षा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय तिरनई मौला राय में 5 वर्षीय बच्चे के एक कमरे में बंद रह जाने के मामले में प्रभारी प्रधानाध्यापिका और एक शिक्षक को निलंबित कर दिया गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) मनीष कुमार सिंह ने रविवार को यह जानकारी दी।
सिंह ने पीटीआई-भाषा को बताया कि विद्यालय में आंगनबाड़ी केंद्र भी संचालित होता है। गत बृहस्पतिवार को पांच वर्षीय एक बच्चा आंगनबाड़ी केंद्र में पढ़ने आया था और विद्यालय के एक कक्ष में बंद रह गया।
उन्होंने बताया कि विद्यालय के पास लगी आरओ मशीन के पास हाथ धोने पहुंची एक महिला ने बच्चे के रोने की आवाज सुनी और ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर कमरे का ताला तोड़ा और बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला।
Also readHPBOSE Winter School Date Sheet 2026-27: एचपी बोर्ड विंटर स्कूल डेटशीट कक्षा 3, 5 और 8 के लिए जारी
घटना के विरोध में शुक्रवार को विद्यालय खुलने पर ग्रामीणों और महिलाओं ने स्कूल पहुंचकर हंगामा किया था। बीएसए ने बताया कि मामले की जांच नगरा के खंड शिक्षा अधिकारी रत्न शंकर पांडेय को सौंपी गई थी।
जांच रिपोर्ट में प्रभारी प्रधानाध्यापिका अनामिका मौर्य और शिक्षिका अंतिमा यादव द्वारा बिना निरीक्षण किए विद्यालय बंद किए जाने की बात सामने आई। सिंह ने कहा कि इस लापरवाही के कारण आंगनबाड़ी केंद्र का बच्चा कक्षा में बंद रह गया।
उन्होंने इसे दायित्वों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही बताते हुए प्रभारी प्रधानाध्यापिका अनामिका मौर्य और शिक्षक अंतिमा यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। उन्होंने बताया कि मामले की आगे की जांच रसड़ा के खंड शिक्षा अधिकारी ओम प्रकाश तिवारी को सौंपी गई है।