Press Trust of India | October 27, 2026 | 07:46 AM IST | 1 min read
प्रदर्शनकारी, छात्र संघ के पुनर्गठन और चुनाव की तारीखें घोषित करने की मांग कर रहे हैं। जामिया छात्र संघ को 2006 में भंग कर दिया गया था। इससे पहले, कल विश्वविद्यालय प्रशासन ने चुनाव कराने का आदेश जारी किया था।

नई दिल्ली: जामिया मिल्लिया इस्लामिया में 8 नवंबर तक ऑनलाइन कक्षाएं जारी रहेंगी और इसके दूसरे मध्यावधि सेमेस्टर की परीक्षाएं भी ऑनलाइन माध्यम से ही आयोजित की जाएंगी। सोमवार को जारी एक कार्यालय आदेश में यह जानकारी दी गई। विश्वविद्यालय परिसर में 12 अक्टूबर से शुरू हुए छात्रों के विरोध-प्रदर्शन और भूख हड़ताल के बाद, 24 अक्टूबर से अगली सूचना तक ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने की मंजूरी दी गई है।
प्रदर्शनकारी, छात्र संघ के पुनर्गठन और चुनाव की तारीखें घोषित करने की मांग कर रहे हैं। जामिया छात्र संघ को 2006 में भंग कर दिया गया था। इससे पहले, कल विश्वविद्यालय प्रशासन ने चुनाव कराने का आदेश जारी किया था।
नए आदेश में कहा गया है कि कुलपति मजहर आसिफ की अध्यक्षता में विश्वविद्यालय के डीन, विभागाध्यक्षों, निदेशकों और अन्य अधिकारियों ने ऑनलाइन कक्षाओं को दिवाली की छुट्टियों तक विस्तारित करने का निर्णय लिया है।
8 नवंबर के बाद ऑनलाइन कक्षाएं जारी रखी जाएंगी या नहीं, इस पर विश्वविद्यालय परिसर के हालात को देखते हुए विचार किया जाएगा। छात्रों ने सुरक्षा सलाहकार का पद समाप्त करने और मुख्य प्रॉक्टर के इस्तीफे की मांग की।
प्रशासन ने सोमवार को आदेश दिया कि छात्र संघ के संविधान को मंजूरी मिलने के 15 दिनों के भीतर चुनाव कराए जाएंगे। साथ ही, मौजूदा प्रदर्शन के दौरान छात्रों को जारी निलंबन आदेश और कारण बताओ नोटिस वापस ले लिए गए।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने आज जारी एक आदेश में घोषणा की कि 'जामिया मिल्लिया इस्लामिया छात्र संघ' (जेएमआईएसयू) के संविधान को मंजूरी मिलने की डेट से 15 दिनों के भीतर चुनाव कराए जाएंगे।
Santosh Kumar