UGC NET Answer Key: आंसर-की चैलेंज फीस ‘बहुत महंगी’ होने की चिंता पर एनटीए की सफाई, सही आपत्ति पर शुल्क वापस

Santosh Kumar | August 21, 2026 | 08:39 AM IST | 2 mins read

एनटीए ने कहा कि आंसर की को चुनौती देने का सिस्टम इस तरह से बनाया गया है कि यह हर स्टूडेंट के लिए निष्पक्ष हो, न कि केवल उस स्टूडेंट के लिए जो चुनौती दे रहा है।

एनटीए ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर इस संबंध में एक पोस्ट साझा किया है। (इमेज-आधिकारिक वेबसाइट)

नई दिल्ली: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने यूजीसी नेट 2026 आंसर की को चुनौती देने के लिए तय फीस को लेकर जताई गई चिंताओं पर स्पष्टीकरण जारी किया। उम्मीदवारों ने शिकायत की थी कि प्रति प्रश्न ₹200 की फीस बहुत अधिक है। इसके जवाब में एनटीए ने साफ किया कि यह सिस्टम सभी छात्रों के हित में बनाया गया है और इसका मकसद रेवेन्यू कमाना नहीं है। एनटीए ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर इस संबंध में एक पोस्ट साझा किया है।

पोस्ट में, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने कहा कि आंसर की को चुनौती देने का सिस्टम इस तरह से बनाया गया है कि यह हर स्टूडेंट के लिए निष्पक्ष हो, न कि केवल उस स्टूडेंट के लिए जो चुनौती दे रहा है।

इसमें कहा गया है कि "एक चुनौती से सबका फायदा" अगर कोई एक उम्मीदवार किसी सवाल को चुनौती देता है और विषय के विशेषज्ञ उस चुनौती को स्वीकार कर लेते हैं, तो बदली हुई आंसर की सभी उम्मीदवारों पर लागू होती है।

Also read NTA: एनटीए ने 600 एक्सपर्ट्स हटाए, नए शामिल, पेपर लीक रोकने के लिए लागू होगा 4-स्तरीय चेकिंग सिस्टम

UGC NET Answer Key 2026: मान्य आपत्तियों के लिए वापस मिलेगा शुल्क

एनटीए ने कहा कि अगर आपत्ति सही होती है, तो फीस वापस की जाती है। आपत्तियां सही होने पर हर सवाल के लिए शुल्क वापस मिलते हैं। यह फीस फालतू आपत्तियों को रोकने के लिए है, न कि सही आपत्तियों से फायदा कमाने के लिए।

एजेंसी ने कहा अगर आप किसी गलती की पहचान करके उसे चुनौती देते हैं और वह सही होती है, तो न केवल आपको फीस वापस मिलेगी, बल्कि किसी एक उम्मीदवार की सही चुनौती से लाखों लोगों के लिए भी रिकॉर्ड सुधारा जा सकेगा।

यह स्पष्टीकरण यूजीसी नेट प्रोविजनल आंसर की जारी होने के बाद आया है। कुछ विषयों की परीक्षाओं में गलतियों के कारण इसे रद्द भी किया गया है। एक उम्मीदवार ने एक्स पर लिखा, "हर सवाल के लिए ₹200 चार्ज करना लूट है।"

MakeCAREERS360
My Trusted Source
Add as a preferred source on google
[

विशेष समाचार

]
[

नवीनतम शिक्षा समाचार

]