Saurabh Pandey | June 8, 2026 | 08:10 PM IST | 2 mins read
राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (NCST) ने स्नातक स्तर के छात्रों और पास आउट उम्मीदवारों के लिए एक महीने के इंटर्नशिप प्रोग्राम (2026) के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू कर दिए हैं, जिसके लिए 18 जून तक आवेदन किया जा सकता है।

नई दिल्ली : राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (NCST) ने अपने इंटर्नशिप प्रोग्राम के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक और पात्र उम्मीदवार आयोग के आधिकारिक 'एनसीएसटी ग्रीवांस रीड्रेसल एंड मैनेजमेंट सिस्टम' (NCSTGRAMS) पोर्टल ncstgrams.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 18 जून, 2026 को शाम 5 बजे तक निर्धारित की गई है।
इस इंटर्नशिप कार्यक्रम के तहत देश भर से लगभग 10 छात्रों का चयन किया जाएगा। चुने गए इंटर्न्स को प्रशासनिक आवश्यकताओं और सीटों की उपलब्धता के आधार पर आयोग के नई दिल्ली स्थित मुख्यालय या क्षेत्रीय कार्यालयों में तैनात किया जाएगा। यह कार्यक्रम युवाओं को आयोग की कार्यप्रणाली को करीब से समझने का एक बेहतरीन अवसर प्रदान करता है।
राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग में इंटर्नशिप के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की आयुसीमा 18-30 वर्ष के बीच होनी चाहिए। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी मानदंडों के अनुसार आयु में छूट दी जाएगी।
इस इंटर्नशिप को सफलतापूर्वक पूरा करने वाले प्रत्येक छात्र को एक महीने की अवधि के अंत में 15,000 रुपये का स्टाइपेंड (मानदेय) दिया जाएगा। हालांकि, इस स्टाइपेंड को पाने के लिए इंटर्नशिप के दौरान कम से कम 90 प्रतिशत उपस्थिति बनाए रखना अनिवार्य होगा।
बात अगर योग्यता की करें, तो आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों के पिछली योग्यता परीक्षा में कम से कम 60 प्रतिशत अंक होने चाहिए। इसके अलावा, स्नातक के दूसरे वर्ष में पढ़ाई कर रहे छात्र या अपनी ग्रेजुएशन पूरी कर चुके उम्मीदवार इस प्रोग्राम के लिए पात्र माने जाएंगे।
आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को एक निर्धारित विषय पर 'स्टेटमेंट ऑफ पर्पस' (SOP) और यदि वे किसी शैक्षणिक संस्थान का हिस्सा हैं, तो वहां से 'अनापत्ति प्रमाण पत्र' (NOC) अपलोड करना होगा। प्राप्त आवेदनों की जांच उनके शैक्षणिक रिकॉर्ड, प्रासंगिक विषय और SOP की प्रामाणिकता के आधार पर की जाएगी। शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों को व्यक्तिगत या ऑनलाइन इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा और चयन समिति की सिफारिशों के आधार पर अंतिम सूची तैयार होगी।
इंटर्न किसी भी प्रकार के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक या डिजिटल मीडिया से संपर्क नहीं करेंगे, और न ही आयोग के कार्य से संबंधित कोई सामग्री प्रकाशित या प्रसारित करेंगे, जब तक कि सक्षम प्राधिकारी से पूर्व लिखित अनुमति प्राप्त न हो जाए।