आईआईटी दिल्ली के सोनीपत कैंपस में बनेगा देश का पहला 'ExTrEEM' मटेरियल टेस्टिंग सेंटर, डीआरडीओ का मिलेगा सहयोग

Saurabh Pandey | November 25, 2026 | 10:49 PM IST | 2 mins read

आईआईटी दिल्ली अपने सोनीपत कैंपस में डीआरडीओ के सहयोग से 'ExTrEEM' नामक राष्ट्रीय सुविधा स्थापित करेगा, जहां 2500°C या उससे अधिक तापमान पर एडवांस्ड मैटेरियल्स का परीक्षण होगा।

यह केंद्र एयरोस्पेस, रक्षा, ऊर्जा और विनिर्माण क्षेत्रों की तकनीकों को बढ़ावा देने के साथ शिक्षा और उद्योग के बीच नवाचार व सहयोग को तेज करेगा।

नई दिल्ली : भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) दिल्ली अपने सोनीपत परिसर में "एक्सट्रीम टेंपरेचर एंड एनवायर्नमेंटल इवैल्यूएशन ऑफ मटेरियल्स (ExTrEEM)" नामक एक अत्याधुनिक सुविधा केंद्र स्थापित करने जा रहा है। रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) के सहयोग से बनने वाला यह केंद्र एक राष्ट्रीय सुविधा के रूप में काम करेगा, जहां अत्यधिक प्रतिकूल परिस्थितियों और 2500 डिग्री सेल्सियस या उससे भी अधिक तापमान पर एडवांस्ड मटेरियल्स का परीक्षण और मूल्यांकन किया जा सकेगा।

इस केंद्र (ExTrEEM) की स्थापना भारत के एयरोस्पेस, रक्षा, ऊर्जा और मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण तकनीकों के विकास की दिशा में एक बड़ा कदम है। यह राष्ट्रीय स्तर पर एडवांस्ड मटेरियल्स के परीक्षण और उनके कैरेक्टराइजेशन का एक प्रमुख केंद्र बनेगा। इसके माध्यम से शैक्षणिक संस्थानों और उद्योगों के बीच साझेदारी मजबूत होगी, जिससे इनोवेशन, रिसर्च के व्यावहारिक उपयोग और स्टार्टअप्स के विकास को भी बड़ी गति मिलेगी।

आईआईटी दिल्ली के मटेरियल्स साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग (DMSE) के प्रो. जयंत जैन विभाग के आठ अन्य संकाय सदस्यों के साथ इस परियोजना का नेतृत्व कर रहे हैं। प्रो. जैन ने बताया कि यह देश की अपनी तरह की पहली ऐसी व्यापक मटेरियल टेस्टिंग सुविधा होगी, जो राष्ट्रीय स्तर पर सभी शोधकर्ताओं और उद्योगों के लिए उपलब्ध रहेगी।

डीआरडीओ ने सौंपा परियोजना का स्वीकृति पत्र

एक विशेष समारोह के दौरान डीआरडीओ के महानिदेशक (प्रौद्योगिकी प्रबंधन) डॉ. अनुपम शर्मा ने आईआईटी दिल्ली को इस परियोजना का स्वीकृति पत्र सौंपा। इस अवसर पर डीआरडीओ के निदेशक (ईआर एंड आईपीआर) डॉ. नरेंद्र कुमार आर्य, संस्थान के संकाय सदस्य, शोधकर्ता और उद्योग जगत के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. अनुपम शर्मा ने देश की तकनीकी आत्मनिर्भरता को मजबूत करने के लिए स्वदेशी परीक्षण बुनियादी ढांचे के बढ़ते महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने महत्वपूर्ण तकनीकी कमियों को दूर करने और अत्यधिक उच्च तापमान पर काम करने में सक्षम सामग्रियों को विकसित करने के लिए शिक्षा जगत, उद्योग और राष्ट्रीय प्रयोगशालाओं के बीच गहरे सहयोग की आवश्यकता पर जोर दिया।

Also read CMAT 2027: कॉमन मैनेजमेंट एडमिशन टेस्ट के लिए आवेदन शुरू, पात्रता मानदंड, शुल्क, परीक्षा तिथि जानें

कार्यशाला में एडवांस्ड उपकरणों की विशेषज्ञ समीक्षा

कार्यशाला के दौरान ExTrEEM केंद्र में स्थापित किए जा रहे एडवांस्ड उपकरणों की विशेषज्ञ समीक्षा की गई, जिनमें हाई-टेंपरेचर यूनिवर्सल टेस्टिंग मशीन, हाई-टेंपरेचर एक्स-रे डिफ्रैक्शन, हाई-टेंपरेचर स्कैनिंग इलेक्ट्रॉन माइक्रोस्कोपी, ट्राइबोलॉजी एवं इरोजन टेस्टिंग सिस्टम और कम्प्यूटेशनल मटेरियल्स डिजाइन टूल्स शामिल हैं। विशेषज्ञों ने इन उपकरणों के रखरखाव, कैलिब्रेशन, पर्यावरण नियंत्रण, मान्यता (एक्रेडिटेशन) और दीर्घकालिक संचालन के लिए महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।

MakeCAREERS360
My Trusted Source
Add as a preferred source on google
[

विशेष समाचार

]
[

नवीनतम शिक्षा समाचार

]