Saurabh Pandey | November 25, 2026 | 04:40 PM IST | 2 mins read
यूपीएसएसएससी ने ब्लॉक ऑर्गेनाइजर, प्लाटून कमांडर और हवलदार इंस्ट्रक्टर की मुख्य परीक्षाओं के लिए प्रोविजनल आंसर की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी है।

नई दिल्ली : उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने ब्लॉक ऑर्गेनाइजर, प्लाटून कमांडर और हवलदार इंस्ट्रक्टर भर्ती परीक्षाओं के लिए प्रोविजनल आंसर की जारी कर दी है। इन पदों के लिए मुख्य लिखित परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवार अब आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsssc.gov.in के माध्यम से उत्तर कुंजी को देख और डाउनलोड कर सकते हैं।
इस उत्तर कुंजी के जरिए उम्मीदवार अपने उत्तरों की तुलना आयोग द्वारा दिए गए उत्तरों से कर सकते हैं और अंतिम परिणाम घोषित होने से पहले अपने संभावित स्कोर का अनुमान लगा सकते हैं। यदि किसी उम्मीदवार को प्रोविजनल आंसर की में कोई गलती या विसंगति नजर आती है, तो वे तय समय-सीमा 1 दिसंबर 2026 के भीतर अपनी आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।
यूपीएसएसएससी ने आंसर की पीडीएफ फॉर्मेट में उपलब्ध कराई गई है। उम्मीदवार बिना अपना रोल नंबर या अन्य लॉगिन क्रेडेंशियल दर्ज किए ही इस डॉक्यूमेंट को देख सकते हैं। यह प्रोविजनल आंसर की 1 दिसंबर 2026 तक आधिकारिक पोर्टल पर उपलब्ध रहेगी। अभ्यर्थी आयोग द्वारा उपलब्ध लिंक के माध्यम से ही प्रोविजनल उत्तर कुंजी पर अपनी आपत्ति ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं।
अभ्यर्थी एक या एक से अधिक आपत्तियां दर्ज कर सकते हैं, जिसके लिए प्रति आपत्ति 100 रुपये का ऑनलाइन शुल्क जमा करना अनिवार्य है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि शुल्क भुगतान और फाइनल सबमिशन के बाद आपत्तियों में किसी भी प्रकार का संशोधन संभव नहीं होगा, और अभ्यर्थी निर्धारित अवधि में केवल एक ही बार ऑनलाइन आपत्ति दर्ज कर सकेंगे।
अन्य किसी माध्यम से या डाक द्वारा उत्तर कुंजी के सम्बन्ध में दी गई आपत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी। आपत्ति दर्ज करने की अंतिम तिथि 1 दिसंबर 2026 के बाद आपत्ति दर्ज करने की सुविधा स्वतः समाप्त हो जाएगी।