Saurabh Pandey | November 25, 2026 | 05:50 PM IST | 2 mins read
यूपीएसएसएससी ने यूपी गन्ना पर्यवेक्षक और मोहर्रिर मुख्य परीक्षा के प्रवेश पत्र जारी कर दिए हैं। परीक्षा के लिए पंजीकृत उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।

नई दिल्ली : उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने यूपी गन्ना पर्यवेक्षक और मोहर्रिर मुख्य परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र जारी कर दिए हैं। इन दोनों परीक्षाओं के लिए पंजीकृत उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsssc.gov.in के माध्यम से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।
इन दोनों ही परीक्षाओं के लिए पंजीकृत अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsssc.gov.in पर उपलब्ध प्रवेश पत्र लिंक पर क्लिक कर लॉगिन विवरण दर्ज करते हुए अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, अभ्यर्थियों को आयोग के अधिकृत एंड्रॉइड मोबाइल ऐप और उनके पंजीकृत ई-मेल पर भेजे गए लिंक के माध्यम से भी प्रवेश पत्र डाउनलोड करने की सुविधा दी गई है।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि मुख्य परीक्षा के लिए निर्धारित शुल्क जमा करने के बाद ही अभ्यर्थी अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। साथ ही, सभी परीक्षार्थियों को निर्देश दिया गया है कि वे प्रवेश पत्र में दिए गए दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा और निर्धारित परीक्षा केंद्र पर निर्धारित तिथि और समय पर वैलिड प्रवेश पत्र के साथ उपस्थित होना होगा, क्योंकि बिना प्रवेश पत्र किसी भी उम्मीदवार को परीक्षा हॉल में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के मुताबिक, गन्ना पर्यवेक्षक के 1182 पदों के लिए मुख्य परीक्षा 29 नवंबर को पहली पाली में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की जाएगी। वहीं मोहर्रिर के 92 पदों पर भर्ती के लिए मुख्य परीक्षा भी 29 नवंबर को ही दूसरी पाली में दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक संपन्न होगी।