Trusted Source Image

CMAT 2027: कॉमन मैनेजमेंट एडमिशन टेस्ट के लिए आवेदन शुरू, पात्रता मानदंड, शुल्क, परीक्षा तिथि जानें

Saurabh Pandey | November 24, 2026 | 11:50 AM IST | 2 mins read

एनटीए ने कॉमन मैनेजमेंट एडमिशन टेस्ट के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। पात्रता मानदंडों को पूरा करने वाले उम्मीदवार परीक्षा शुल्क का भुगतान करके आवेदन कर सकते हैं।

CMAT 2027 के लिए उम्मीदवार को केवल एक आवेदन जमा करना है। (आधिकारिक वेबसाइट)
CMAT 2027 के लिए उम्मीदवार को केवल एक आवेदन जमा करना है। (आधिकारिक वेबसाइट)

नई दिल्ली : नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने कॉमन मैनेजमेंट एडमिशन टेस्ट (CMAT) 2027 के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू कर दी है। शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए एमबीए और अन्य मैनेजमेंट प्रोग्राम में प्रवेश लेने के इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट cmat.nta.nic.in के माध्यम से अपना आवेदन फॉर्म जमा कर सकते हैं।

एनटीए की अधिसूचना के अनुसार, रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 23 नवंबर से शुरू हो गई है और यह 20 दिसंबर, 2026 को रात 11:50 बजे तक चलेगी। उम्मीदवार 21 दिसंबर तक परीक्षा शुल्क का भुगतान कर सकते हैं।

एनटीए ने 22 से 25 दिसंबर तक एक अतिरिक्त रजिस्ट्रेशन विंडो भी दी है, जिसके लिए 500 रुपये का लेट शुल्क देना होगा। आवेदन में सुधार की सुविधा 26 से 28 दिसंबर, 2026 तक उपलब्ध रहेगी।

NTA CMAT 2027: आवेदन शुल्क

सामान्य श्रेणी के पुरुष उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 2,500 रुपये है, जबकि सामान्य श्रेणी की महिला उम्मीदवारों को 1,250 रुपये का भुगतान करना होगा। सामान्य-ईडब्ल्यूएस, ओबीसी-एनसीएल, एससी, एसटी और PwD/PwBD उम्मीदवारों के लिए शुल्क 1,250 रुपये है। थर्ड-जेंडर उम्मीदवारों को भी 1,250 रुपये का भुगतान करना होगा।

NTA CMAT 2027: आवेदन प्रक्रिया जानें

  1. सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट cmat.nta.nic.in पर जाएं।
  2. अब CMAT 2027 रजिस्ट्रेशन लिंक खोलें।
  3. रजिस्ट्रेशन पूरा करें और एप्लिकेशन नंबर प्राप्त करें।
  4. इसके बाद लॉगिन करें और एप्लिकेशन फॉर्म भरें।
  5. फोटो, हस्ताक्षर और अन्य जरूरी दस्तावेज अपलोड करें।
  6. अब निर्धारित परीक्षा शुल्क का ऑनलाइन भुगतान करें।
  7. अंत में आवेदन फॉर्म का कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड कर लें।

Also read JEE Mains 2027: जेईई मेन सेशन 1 रजिस्ट्रेशन लेट फीस के साथ शुरू, अंतिम तिथि 26 नवंबर; 15,04,866 फॉर्म सबमिट

CMAT 2027: परीक्षा तिथि

एनटीए द्वारा शैक्षणिक सत्र 2027-28 के मैनेजमेंट कोर्सेज में प्रवेश के लिए कॉमन मैनेजमेंट एडमिशन टेस्ट (CMAT) का आयोजन 11 फरवरी 2027 को कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में किया जाएगा। इसके माध्यम से उम्मीदवारों की विभिन्न क्षेत्रों-जैसे क्वांटिटेटिव तकनीक और डेटा इंटरप्रिटेशन, लॉजिकल रीजनिंग, लैंग्वेज कॉम्प्रिहेंशन, सामान्य जागरूकता, तथा इनोवेशन और उद्यमिता में क्षमता का मूल्यांकन किया जाएगा।

CMAT 2027: परीक्षा पैटर्न

इस परीक्षा में 100 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे, जो कुल 400 अंकों के होंगे। यह परीक्षा पांच खंडों में विभाजित होगी -: क्वांटिटेटिव तकनीक और डेटा इंटरप्रिटेशन, लॉजिकल रीजनिंग, लैंग्वेज कॉम्प्रिहेंशन, सामान्य जागरूकता, तथा इनोवेशन और उद्यमिता।

प्रत्येक खंड में 20 प्रश्न होंगे, जो 80 अंकों के होंगे। हर सही उत्तर के लिए उम्मीदवारों को चार अंक मिलेंगे, जबकि हर गलत उत्तर के लिए एक अंक काट लिया जाएगा।

MakeCAREERS360
My Trusted Source
Trusted Source ImageAdd as a preferred source on google