अयोध्या के राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज में बम बनाने के निर्देशों वाला हाथ से लिखा दस्तावेज मिला, जांच जारी

Press Trust of India | August 2, 2026 | 03:25 PM IST | 2 mins read

उत्तर प्रदेश के अयोध्या स्थित राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज में बम बनाने की विधि से संबंधित हाथ से लिखा एक दस्तावेज मिलने के बाद हड़कंप मच गया।

सूचना मिलने के बाद पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने मामले की जांच शुरू कर दी। (इमेज-दैनिक भास्कर)

अयोध्या: उत्तर प्रदेश के अयोध्या स्थित राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज के एक्स-रे विभाग की एक दराज से कथित तौर पर बम बनाने की विधि से संबंधित हाथ से लिखा एक दस्तावेज मिलने के बाद हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, सूचना मिलने के बाद पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने मामले की जांच शुरू कर दी।

सूत्रों ने बताया कि यह दस्तावेज एक्स-रे लैब में रात्रि पाली समाप्त होने के बाद मिला। सूत्रों के मुताबिक, शनिवार को स्टाफ ने इसे मेडिकल कॉलेज प्रशासन को सौंपा, जिसके बाद तय एसओपी के तहत पुलिस को इसकी सूचना दी गई।

पैरामेडिकल कोर्स का छात्र हिरासत में

पुलिस ने पूछताछ के लिए पैरामेडिकल कोर्स के प्रथम वर्ष के एक छात्र को हिरासत में लिया है। पुलिस ने बताया कि हिरासत में लिए गए छात्र की पहचान बलरामपुर जिले के निवासी के रूप में हुई है।

वह कॉलेज में लैब टेक्नीशियन का प्रशिक्षण ले रहा है। प्रारंभिक पूछताछ में छात्र ने बताया कि रात्रि पाली के दौरान वह लैपटॉप पर एक फिल्म देख रहा था और उसमें बम बनाने के बारे में दिखाई गई जानकारी को उसने कागज पर लिख लिया।

पुलिस उसके इस दावे की पुष्टि कर रही है। पुलिस के अनुसार, छात्र को पुलिस लाइंस ले जाया गया, जहां एसओजी, विशेष कार्यबल (एसटीएफ), विशेष शाखा और खुफिया विभाग के अधिकारियों ने उससे पूछताछ की।

Also read बीएचयू ने यूजी-पीजी स्तर पर टीचिंग लैबोरेटरी के आधुनिकीकरण व विकास के लिए नई पहल की घोषणा की

पुलिस ने बताया- मामले की जांच जारी

पुलिस ने बताया कि छात्र के साथ ड्यूटी पर मौजूद एक अन्य छात्र से भी पूछताछ की गई, जबकि तीसरे छात्र से संपर्क किया जा रहा है, जो ड्यूटी पूरी होने के बाद अपने गृहनगर चला गया था।

कॉलेज के अधीक्षक ने बताया कि प्रशासन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने किसी को गिरफ्तारी नहीं किया और न ही कोई मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।

MakeCAREERS360
My Trusted Source
Add as a preferred source on google
[

विशेष समाचार

]
[

नवीनतम शिक्षा समाचार

]