Saurabh Pandey | June 4, 2026 | 01:07 PM IST | 2 mins read
सीजी बीएससी नर्सिंग परीक्षा शुरू होने के पहले आधे घंटे और समाप्त होने के आखिरी आधे घंटे के दौरान किसी भी छात्र को परीक्षा कक्ष से बाहर जाने की अनुमति नहीं होगी।
.jpg)
नई दिल्ली : छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (CG Vyapam) ने बीएससी नर्सिंग (BSCN26) प्रवेश परीक्षा 2026 के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। जिन अभ्यर्थियों ने इस राज्य स्तरीय नर्सिंग प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन किया था, वे व्यापम की आधिकारिक वेबसाइट vyapamcg.cgstate.gov.in पर उपलब्ध लिंक पर क्लिक करके अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। यह परीक्षा राज्य के विभिन्न सरकारी और निजी नर्सिंग कॉलेजों में स्नातक (B.Sc. Nursing) पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित की जा रही है।
सीजी बीएससी नर्सिंग एडमिट कार्ड में अभ्यर्थी का नाम, रोल नंबर, फोटो, हस्ताक्षर, परीक्षा केंद्र का नाम व पता, परीक्षा की तिथि और समय जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां होंगी। उम्मीदवारों को परीक्षा हॉल में प्रवेश पत्र के साथ एक वैलिड फोटो पहचान पत्र (जैसे- आधार कार्ड, वोटर आईडी या ड्राइविंग लाइसेंस) और एक काला/नीला बॉलपॉइंट पेन साथ ले जाना अनिवार्य होगा।
सभी परीक्षार्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा के दिन तय समय से कम से कम दो घंटे पहले अपने परीक्षा केंद्र पर जरूर पहुंच जाएं। ऐसा इसलिए जरूरी है ताकि परीक्षा शुरू होने से पहले आपके मूल पहचान पत्र की जांच और सुरक्षा जांच (Frisking) आसानी से की जा सके। इसके बाद ही आपको परीक्षा हॉल में जाने की अनुमति मिलेगी।
परीक्षार्थियों के लिए यह बेहतर होगा कि वे परीक्षा की तारीख से एक दिन पहले ही अपने परीक्षा केंद्र पर जाकर उसकी सही लोकेशन और रास्ता देख लें, ताकि परीक्षा के दिन कोई हड़बड़ी न हो। ध्यान रखें कि प्रवेश पत्र पर जो रिपोर्टिंग समय लिखा है, उसके बाद किसी भी कीमत पर केंद्र के भीतर प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
अभ्यर्थी अपने प्रवेश पत्र को पूरी तरह डाउनलोड करें और उसका एक साफ प्रिंटआउट लेकर ही परीक्षा केंद्र पर जाएं। बोर्ड द्वारा किसी को भी डाक के माध्यम से अलग से एडमिट कार्ड नहीं भेजा जाएगा। यदि किसी उम्मीदवार को अपने परीक्षा केंद्र को ढूंढने में कोई समस्या आती है, तो वे सुबह 10 बजे से शाम 5:30 बजे के बीच व्यापम के हेल्पलाइन नंबरों 0771-2972780 या 8269801982 पर संपर्क कर सकते हैं।
सीजी व्यापम के आधिकारिक परीक्षा कैलेंडर के अनुसार, छत्तीसगढ़ बीएससी नर्सिंग प्रवेश परीक्षा 11 जून 2026 (गुरुवार) को आयोजित की जाएगी। परीक्षा का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक निर्धारित किया गया है। परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए प्रदेश के सभी 33 जिला मुख्यालयों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र पर तय समय से कम से कम एक घंटे पहले पहुंचने की सलाह दी गई है।