शिक्षा, सुरक्षा और रोजगार में भाजपा सरकार विफल - आकाश आनंद; यूपी में 20,000,000 युवा बेरोजगार

Press Trust of India | November 22, 2026 | 06:52 PM IST | 2 mins read

आकाश आनंद ने आरोप लगाया कि बार-बार होने वाले प्रश्नपत्र लीक की घटनाओं ने सरकारी नौकरियों की तैयारी कर रहे युवाओं के भविष्य को खतरे में डाल दिया है।

उन्होंने ने कहा - हम सिर्फ तीन चीजें चाहते हैं, अच्छी शिक्षा, सभी के लिए सुरक्षा और हर हाथ को रोजगार। (इमेज-एक्स आकाश आनंद)

नई दिल्ली: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के राष्ट्रीय समन्वयक आकाश आनंद ने रविवार को आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार शिक्षा, सुरक्षा और रोजगार के मोर्चे पर विफल रही। आनंद ने उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्रियों केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक को शोपीस करार देते हुए आरोप लगाया कि भाजपा दलितों को पर्याप्त प्रतिनिधित्व देने में नाकाम रही है।

बसपा नेता ने कहा कि सरकार ने बुनियादी जनसमस्याओं की अनदेखी करते हुए विज्ञापनों पर हजारों करोड़ रुपये खर्च किए। इस दौरान आनंद आगरा में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने गुजरात के भाजपा नेताओं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए कहा, “चुनाव के मौसम में गुजरात के नेता, धार्मिक मठों से जुड़े लोग और वे लोग, जो सिर्फ इटावा के बारे में सोचते हैं, मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए आगरा आएंगे।" आनंद ने कहा, "हम किसी भी सरकार से चांद-तारे नहीं मांग रहे हैं। हम सिर्फ तीन चीजें चाहते हैं- अच्छी शिक्षा, सभी के लिए सुरक्षा और हर हाथ को रोजगार।”

उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश को विकसित, शिक्षित और सुरक्षित दिखाने वाले विज्ञापनों पर सात हजार करोड़ रुपये खर्च किए गए जबकि सरकार जनता की बुनियादी समस्याओं का समाधान करने में पूरी तरह विफल रही। उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालयों को बंद करने या दूसरे विद्यालयों में विलय करने का सबसे अधिक असर ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों पर पड़ा है, इस कारण अब उन्हें पढ़ाई के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है।

Also read UPESSC: सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा रद्द होने की सूचना फर्जी, अध्यक्ष बोले- 3 व 4 दिसंबर को ही होगी परीक्षा

आनंद ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में 2 करोड़ से अधिक युवा बेरोजगार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार होने वाले प्रश्नपत्र लीक की घटनाओं ने सरकारी नौकरियों की तैयारी कर रहे युवाओं के भविष्य को खतरे में डाल दिया है। आनंद ने कांग्रेस व सपा पर दलितों तथा पिछड़े वर्गों के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि दोनों दल संविधान और डॉ. भीमराव आंबेडकर की विरासत का हवाला देकर मतदाताओं को लुभाने की कोशिश कर रहे हैं जबकि उन्होंने इन वर्गों के कल्याण के लिए पर्याप्त काम नहीं किया।

आनंद ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी ने आंबेडकर के राजनीतिक जीवन के दौरान उनका विरोध किया और दशकों तक सत्ता में रहने के बावजूद उन्हें ‘भारत रत्न’ नहीं दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आरक्षण के प्रावधानों को प्रभावी ढंग से लागू करने में भी विफल रही और आरक्षित पदों की रिक्तियां लंबे समय तक नहीं भरी गईं।

उन्होंने आरोप लगाया कि सपा ने संसद में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए पदोन्नति में आरक्षण संबंधी 2012 के विधेयक का विरोध किया था।

आनंद ने राज्यसभा उम्मीदवार के चयन को लेकर भी सपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक समुदायों के सदस्यों को मौका देने के बजाय सपा ने उद्योगपति धनराज नथवानी को उम्मीदवार बनाया है। आनंद ने मतदाताओं से मायावती को पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनाने की अपील करते हुए कहा कि बसपा के सत्ता में लौटने पर आगरा का विकास किया जाएगा।

MakeCAREERS360
My Trusted Source
Add as a preferred source on google
[

विशेष समाचार

]
[

नवीनतम शिक्षा समाचार

]