Saurabh Pandey | November 21, 2026 | 06:27 PM IST | 1 min read
बिहार बोर्ड ने कक्षा 10वीं और 12वीं के लिए सेकंड डमी एडमिट कार्ड जारी कर दिया है। इसकी मदद से उम्मीदवार फाइनल एडमिट कार्ड की त्रुटियां 26 नवंबर तक सुधार सकते हैं।

नई दिल्ली : बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने मैट्रिक (10वीं) और इंटरमीडिएट (12वीं) वार्षिक परीक्षा 2027 में शामिल होने वाले पंजीकृत छात्रों के लिए दूसरा डमी एडमिट कार्ड जारी कर दिया है। छात्र बिहार बोर्ड के दूसरे डमी एडमिट कार्ड को डाउनलोड कर सकते हैं और अंतिम एडमिट कार्ड जारी होने से पहले उस पर दी गई जानकारी का सत्यापन कर सकते हैं।
बोर्ड द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, सुधार प्रक्रिया 21 नवंबर से 26 नवंबर, 2026 तक खुली रहेगी। जिन छात्रों को अपने विवरण में कोई त्रुटि मिलती है, उन्हें निर्धारित अवधि के भीतर उसे ठीक करवाना होगा। यह डमी एडमिट कार्ड विद्यार्थियों द्वारा ऑनलाइन भरे गए रजिस्ट्रेशन और परीक्षा फॉर्म के आधार पर तैयार किया गया है।
छात्र और शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्य दोनों ही दूसरे डमी एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। प्रधानाचार्य बोर्ड के पोर्टल के माध्यम से दस्तावेजों तक पहुंच सकते हैं, जबकि छात्र भी अपने संबंधित बीएसईबी के दूसरे डमी एडमिट कार्ड डाउनलोड करके जानकारी की जांच कर सकते हैं।