आईआईटी इंदौर के केंद्रीय विद्यालय को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले बेरोजगार आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
Press Trust of India | August 2, 2024 | 03:46 PM IST | 2 mins read
केंद्रीय विद्यालय में नौकरी न मिलने की खुन्नस में आरोपी चेतन सोनी ने स्वतंत्रता दिवस पर स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी दी थी।
नई दिल्ली: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, इंदौर (IIT Indore) परिसर में स्थित केंद्रीय विद्यालय को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले बेरोजगार आरोपी को पुलिस ने शुक्रवार (2 अगस्त) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि नौकरी न मिलने से नाराज शख्स ने धमकी दी थी।
पुलिस अधीक्षक (देहात) हितिका वासल ने संवाददाताओं को मामले की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी की पहचान 30 वर्षीय चेतन सोनी के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि मास्टर ऑफ कम्प्यूटर एप्लीकेशन (MCA) की उपाधि प्राप्त चेतन सोनी ने केंद्रीय विद्यालय में तकनीशियन के पद पर नौकरी के लिए आवेदन किया था, लेकिन उसका चयन नहीं हुआ था।
वासल ने आगे बताया, “नौकरी नहीं मिलने की खुन्नस में उसने आईआईटी परिसर स्थित केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य को पिछले महीने ई-मेल के जरिए धमकी दी थी कि इस शैक्षणिक संस्थान को 15 अगस्त को बम से उड़ा दिया जाएगा।”
पुलिस अधीक्षक ने जानकारी देते हुए कहा कि आरोपी चेतन सोनी वर्ष 2015 में अपनी पढ़ाई पूरी कर चुका था लेकिन कई प्रयासों के बावजूद उसे अब तक नौकरी नहीं मिली थी, जिससे वह बेहद कुंठित चल रहा था। उन्होंने आगे बताया कि पुलिस इस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
पिछले महीने धमकी मिलने के बाद स्कूल प्रबंधन ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। जिसके बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी थी। आरोपी द्वारा पाकिस्तान की इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (ISI) के नाम से बनी ईमेल आईडी से स्कूल को धमकी भरा मेल भेजा गया था।
बता दें कि, मई 2024 में दिल्ली-एनसीआर के लगभग 200 स्कूलों को ईमेल के जरिए ही बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। जिसके चलते स्कूलों में परीक्षाएं भी स्थगित कर दी गई थी। वहीं, मई महीने में ही दिल्ली विश्वविद्यालय के 12 कॉलेजों को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी।
अगली खबर
]विशेष समाचार
]- IIM Lucknow: आईआईएम लखनऊ ने फैमिली बिजनेस में एमबीए प्रोग्राम लॉन्च किया, पहला बैच जुलाई 2027 में, फीस जानें
- IRIS 2026: 27 क्षेत्रों के 54 स्कॉलर्स को मिला फैकल्टी रिसर्च अवार्ड; आईआईटी, एम्स, आईआईएम के शोधकर्ता शामिल
- IRIS 2026: इंडिया रिसर्च एंड इम्पैक्ट समिट 1 अक्टूबर को, नीति आयोग सदस्य समेत कई दिग्गज एजुकेटर्स होंगे शामिल
- UPSC Mains Marks: केंद्रीय सूचना आयोग ने यूपीएससी मेंस के अंकों का विवरण प्रकाशित करने की सिफारिश की
- JEE Advanced: जेईई-एडवांस्ड में 3 प्रयास की मांग तेज, 12,000 से अधिक अभ्यर्थियों ने मंत्रालय को दिया प्रतिवेदन
- NITI Aayog Report: स्कूलों में छठी कक्षा से ही रोजगारपरक कौशल पर हो ध्यान, नीति आयोग का सुझाव
- आजादी के 80वें साल में भी 'कागजी' दावों के बीच फंसी शिक्षा व्यवस्था; पेपर लीक व बजट की कमी से जूझ रहे छात्र
- Teacher Vacancy Crisis: बिहार में टीचर्स के 2.70 लाख+ पद खाली; झारखंड, एमपी समेत कई राज्यों में हजारों वैकेंसी
- NEET 2026 Paper Leak: नीट पेपर तैयार और अनुवाद का काम एक ही समूह के शिक्षकों को देने से हुई गड़बड़ी - सूत्र
- MCC NEET Counselling 2026: नीट काउंसलिंग शेड्यूल जल्द, जेपी नड्डा ने की समीक्षा, छात्र-केंद्रित कई बड़े सुधार