Saurabh Pandey | September 30, 2026 | 03:50 PM IST | 2 mins read
आईआईएससी बेंगलुरु ने टाइम्स हायर एजुकेशन (THE) वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2027 में देश का नंबर-1 संस्थान बना है। वहीं वैश्विक स्तर पर इस संस्थान को 254वीं रैंक मिली है।

नई दिल्ली : टाइम्स हायर एजुकेशन (THE) वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2027 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस (IISc) बेंगलुरु भारत के सबसे शीर्ष उच्च शिक्षण संस्थान के रूप में जगह बनाने में सफल रहा है। इस वैश्विक रैंकिंग में आईआईएससी बेंगलुरु ने दुनिया भर में 254वां स्थान हासिल किया है। इस बार की रैंकिंग में 118 देशों और क्षेत्रों के कुल 2,297 विश्वविद्यालयों को शामिल किया गया था।
वर्ष 2027 की इस वैश्विक रैंकिंग में आईआईएससी बेंगलुरु दुनिया के शीर्ष 300 विश्वविद्यालयों की सूची में जगह बनाने वाला एकमात्र भारतीय संस्थान है। इस रैंकिंग में संस्थान ने 57 का ओवरऑल स्कोर प्राप्त किया है। आईआईएससी का सबसे शानदार प्रदर्शन 'रिसर्च एनवायरमेंट' संकेतक में रहा, जहां इसने 98 का बेहतरीन स्कोर दर्ज किया।
रैंकिंग के आंकड़ों के अनुसार, बेंगलुरु स्थित इस संस्थान ने शिक्षण में 62.1 और रिसर्च क्वालिटी में 58.6 का स्कोर हासिल किया है। अपने इस प्रदर्शन के बल पर आईआईएससी बेंगलुरु ने इस संस्करण में शामिल अन्य सभी भारतीय संस्थानों को पीछे छोड़ते हुए देश में पहला स्थान बरकरार रखा है।
सवीथा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एंड टेक्निकल साइंसेज को 326-350 रैंक बैंड में जगह मिली, जिससे यह हालिया रैंकिंग में दूसरा सबसे ऊंचा स्थान पाने वाला भारतीय संस्थान बन गया।
शूलिनी यूनिवर्सिटी ऑफ बायोटेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट साइंसेज को 451-500 के बैंड में जगह मिली। जामिया मिलिया इस्लामिया (JMI) और KIIT यूनिवर्सिटी, दोनों को 501-550 के बैंड में रखा गया।
ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी ने टाइम्स हायर एजुकेशन वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग्स 2027 में पहला स्थान बनाए रखा है। मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (MIT) दूसरे स्थान पर रहा। प्रिंसटन यूनिवर्सिटी और स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी ने ग्लोबल रैंकिंग में संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया।
इस लेटेस्ट एडिशन में दुनिया के प्रमुख संस्थानों में एशियाई यूनिवर्सिटीज की बढ़ती हिस्सेदारी पर भी जोर दिया गया है। चीन की सिंघुआ यूनिवर्सिटी ग्लोबल लेवल पर 11वें स्थान पर रही, जबकि नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ़ सिंगापुर (NUS) ग्लोबल टॉप 15 में शामिल हो गई।
ये रैंकिंग कई पैमानों पर यूनिवर्सिटीज का आंकलन करती हैं, जिनमें टीचिंग, रिसर्च का माहौल, रिसर्च की क्वालिटी, इंडस्ट्री और इंटरनेशनल आउटलुक शामिल हैं। संस्थानों का मूल्यांकन कई तरह के इंडिकेटर्स के आधार पर किया जाता है, जो टीचिंग और रिसर्च के साथ-साथ उनके व्यापक ग्लोबल जुड़ाव के मामले में उनके परफॉर्मेंस को मापते हैं।