Press Trust of India | November 13, 2026 | 03:39 PM IST | 2 mins read
आईआईटी की ओर से जारी एक बयान में छात्र की मौत पर दुख व्यक्त करते हुए कहा गया है कि मामले में अधिकारियों को पूरा सहयोग दिया जा रहा है और संस्थान शोक संतप्त परिवार को जरूरी सहायता देने के लिए प्रतिबद्ध है।

देहरादून: उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में रुड़की स्थित भारतीय प्रोद्यौगिकी संस्थान (आईआईटी) के 19 वर्षीय एक छात्र ने अपने छात्रावास के कमरे में कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली । पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी । रुड़की की पुलिस क्षेत्राधिकारी ओशीन जोशी ने बताया कि घटना की सूचना देर रात करीब एक बजे मिली जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के रहने वाले आयुष राजौरिया (19) के रूप में हुई है जो द्वितीय वर्ष का छात्र था।
जोशी ने बताया कि मौके से कथित आत्महत्या से पूर्व लिखा एक नोट बरामद हुआ है। इसमें उसने माता-पिता, दोस्तों, सहपाठियों, शिक्षकों या पढ़ाई किसी को भी जिम्मेदार नहीं ठहराया है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
वहीं रुड़की आईआईटी की ओर से जारी एक बयान में छात्र की मौत पर दुख व्यक्त करते हुए कहा गया है कि मामले में अधिकारियों को पूरा सहयोग दिया जा रहा है और संस्थान शोक संतप्त परिवार को जरूरी सहायता देने के लिए प्रतिबद्ध है।
बयान में बताया गया है कि राजौरिया गणित विभाग में गणित और कम्प्यूटिंग में बीएस-एमएस प्रोग्राम के द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रहा था । बयान के अनुसार, ''घटना से जुड़ी परिस्थितियों की पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।"
भारतीय प्रोद्यौगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की की ओर से जारी किए गए बयान में कहा गया है कि संस्थान अधिकारियों को पूरा सहयोग दे रहा है और परिवार को हर जरूरी मदद मुहैया कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
यदि आप किसी ऐसे व्यक्ति को जानते हैं जिनके आत्मघाती कदम उठाने की आशंका है तो उनसे संवाद करें और समझाएं। आत्महत्या के विचार आने पर पीड़ित व्यक्ति सहायता और परामर्श के लिए हेल्पलाइन नंबर 9820466726 पर कॉल कर सकते हैं या फिर AASRA की आधिकारिक वेबसाइट http://www.aasra.info की मदद ले सकते हैं। इसके अलावा, 9152987821 पर भी कॉल कर सकते हैं। आत्महत्या रोकने के लिए सक्रिय कुछ और संगठनों के हेल्पलाइन नंबर लिंक पर उपलब्ध हैं जो ऐसे लोगों की मदद कर सकते हैं।