Trusted Source Image

राहुल गांधी अमेरिका दौरे पर कोलंबिया और शिकागो विश्वविद्यालय में छात्र आंदोलनों और भू-राजनीति पर करेंगे चर्चा

Press Trust of India | November 11, 2026 | 03:41 PM IST | 4 mins read

कोलंबिया विवि में 17 नवंबर को कार्यक्रम अनौपचारिक चर्चा का है, जिसमें मुख्य रूप से दुनिया भर में छात्र आंदोलनों के बढ़ते प्रभाव, इनके मायने, भारत में इन्हें किस नजरिये से देखा जाता है, लोकतंत्र पर इनके प्रभाव तथा शिक्षा, रोजगार, अर्थव्यवस्था और पर्यावरण से जुड़ी छात्रों की मांगों पर बातचीत होगी।

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी मुख्य रूप से दो महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के लिए अमेरिका जाएंगे। (इमेज-आधिकारिक एक्स/ राहुल गांधी)
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी मुख्य रूप से दो महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के लिए अमेरिका जाएंगे। (इमेज-आधिकारिक एक्स/ राहुल गांधी)

नई दिल्ली: कांग्रेस नेता राहुल गांधी अगले सप्ताह अपनी अमेरिका यात्रा के दौरान कोलंबिया विश्वविद्यालय में वैश्विक छात्र आंदोलनों और शिकागो विश्वविद्यालय में भू-राजनीति पर अनौपचारिक चर्चा में हिस्सा लेंगे। इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के प्रमुख सैम पित्रोदा ने बुधवार को यह जानकारी दी। पित्रोदा ने भाजपा द्वारा राहुल गांधी पर विदेशों में भारत को बदनाम करने के लगाए जाने वाले आरोपों की आलोचना करते हुए कहा कि यह तर्क ‘बेतुका’ है क्योंकि यह किसी की आलोचना करने का नहीं, बल्कि तथ्यों को अपने नजरिये से प्रस्तुत करने का मामला है। 

शिक्षा, रोजगार, अर्थव्यवस्था और पर्यावरण से जुड़ी छात्रों की मांगों पर बातचीत -

पित्रोदा ने शिकागो से पीटीआई को दिए साक्षात्कार में कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी मुख्य रूप से दो महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के लिए अमेरिका आ रहे हैं, जिनकी योजना काफी पहले बनाई गई थी। उन्होंने कहा, “पहला कार्यक्रम 17 नवंबर को कोलंबिया विश्वविद्यालय में अनौपचारिक चर्चा का है, जिसमें मुख्य रूप से दुनिया भर में छात्र आंदोलनों के बढ़ते प्रभाव, इनके मायने, भारत में इन्हें किस नजरिये से देखा जाता है, लोकतंत्र पर इनके प्रभाव तथा शिक्षा, रोजगार, अर्थव्यवस्था और पर्यावरण से जुड़ी छात्रों की मांगों पर बातचीत होगी। मुझे विश्वास है कि इस चर्चा का उचित समय पर प्रसारण भी किया जाएगा।”

पित्रोदा ने कहा, “दूसरा कार्यक्रम 18 नवंबर को प्रतिष्ठ प्रोफेसर डॉ. (रॉबर्ट) पेप के साथ शिकागो विश्वविद्यालय में होगा। पेप भू-राजनीति के क्षेत्र में काफी प्रसिद्ध हैं और पश्चिम एशिया, ईरान युद्ध एवं अन्य मुद्दों पर उनका एक अलग नजरिया है। इसलिए दूसरी बातचीत मुख्य रूप से भू-राजनीति और वैश्विक मामलों पर केंद्रित होगी।” कांग्रेस नेता ने कहा कि राहुल के पास केवल इन्हीं दो कार्यक्रमों के लिए समय है। 

स्थानीय घटनाओं का वैश्विक प्रभाव पड़ता है -

राहुल गांधी के विदेशों में घरेलू मुद्दे उठाने को लेकर भाजपा की आलोचना के बारे में पूछे जाने पर पित्रोदा ने कहा, “हमें यह समझना होगा कि आज की दुनिया में आठ अरब लोग एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं और कुछ भी केवल स्थानीय नहीं रह गया। स्थानीय घटनाओं का वैश्विक प्रभाव पड़ता है और वैश्विक घटनाओं का असर स्थानीय स्तर पर दिखाई देता है इसलिए आप सूचनाओं को सीमाओं में नहीं बांध सकते।”

उन्होंने कहा, “अगर आप यहां आकर किसी मुद्दे पर बात करते हैं, तो इसमें कोई समस्या नहीं है। आप भारत में भी उसी मुद्दे पर बात कर सकते हैं, लेकिन ऐसा नहीं हो सकता कि भारत में कुछ और कहें तथा यहां कुछ और।”

Also readशिक्षा व्यवस्था अब ‘बहिष्कार’ की व्यवस्था बन गई है, जिसका मकसद लाखों युवाओं को इससे बाहर रखना - राहुल गांधी

स्थानीय और वैश्विक दोनों स्तरों पर स्वतंत्र एवं निष्पक्ष बातचीत होनी चाहिए -

पित्रोदा ने कहा कि सवाल किसी की आलोचना करने का नहीं, बल्कि तथ्यों को अपने नजरिये से सामने रखने का है। पित्रोदा ने कहा, “यह कहना कि आप विदेश जाकर किसी मुद्दे पर बात नहीं कर सकते क्योंकि इससे भारत का अपमान होता है, पूरी तरह बेतुकी बात है। विदेश में कुछ बातें कह देने से डेढ़ अरब लोगों के देश का अपमान नहीं हो सकता।” उन्होंने कहा, “आखिर यह कैसी मानसिकता है? इसलिए स्थानीय और वैश्विक, दोनों स्तरों पर स्वतंत्र एवं निष्पक्ष बातचीत होनी चाहिए।”

भारत शिखर सम्मेलन -

पित्रोदा ने कहा कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष को विदेश यात्राएं करनी चाहिए क्योंकि वह एक “वैश्विक नेता” हैं और युवा पीढ़ी में ऐसे वैश्विक नेताओं की संख्या बहुत कम है। उन्होंने हैदराबाद में होने वाले ‘भारत शिखर सम्मेलन’ के बारे में भी बात की, जिसमें कांग्रेस 70 देशों के नेताओं, नीति निर्माताओं, शिक्षाविदों, कारोबारी प्रतिनिधियों और नागरिक समाज के सदस्यों की मेजबानी करेगी। सम्मेलन में उभरती नयी वैश्विक व्यवस्था और उससे जुड़े घटनाक्रम पर भारत की रणनीतिक प्रतिक्रिया के अलावा सहकारी संघवाद एवं चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता जैसे मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। 

दुनिया भर में लोकतंत्र के विचार को बढ़ावा देना -

पित्रोदा ने सम्मेलन के बारे में कहा कि यह तेलंगाना सरकार, ‘प्रोग्रेसिव अलायंस’, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के विदेश मामलों के विभाग और इंडियन ओवरसीज कांग्रेस का संयुक्त प्रयास है। उन्होंने बताया कि ‘प्रोग्रेसिव अलायंस’ बर्लिन स्थित एक संगठन है, जिसमें करीब 100 देशों के लोकतांत्रिक दल शामिल हैं और इसका उद्देश्य दुनिया भर में लोकतंत्र के विचार को बढ़ावा देना है। पित्रोदा ने कहा, “जैसा कि आप जानते हैं, अब बदलाव की हवा चल रही है। अमेरिका के मध्यावधि चुनावों ने दिखाया है कि लोग चाहते हैं कि लोकतांत्रिक आवाजों को सुना जाए। लोगों को तानाशाही और समाज को बांटने वाली मानसिकता पसंद नहीं है। इसी तरह ब्राजील और आर्मेनिया जैसे अन्य देशों में भी हमें बदलाव दिखाई देने लगा है।”

शिक्षा, रोजगार और समानता की अधिक चिंता -

उन्होंने कहा, “हममें से कुछ लोगों का काफी समय से मानना है कि लोकतंत्र पर कब्जा कर लिया गया है। चुनावी प्रक्रिया के जरिए, संस्थाओं को नियंत्रित करके, नागरिक समाज को कमजोर कर, लोगों को बांटकर और मीडिया को प्रभावित करके अलग-अलग तरीकों से लोकतंत्र को अपने नियंत्रण में ले लिया गया है। अंततः इसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ता है।” पित्रोदा ने कहा, “आपने दुनिया भर में छात्रों के आंदोलन देखे हैं। वे मूल रूप से कह रहे हैं कि हमें शिक्षा, रोजगार और समानता की अधिक चिंता है। हमें आपके युद्धों, राजनीति और तानाशाही शासन में कोई दिलचस्पी नहीं है। हम लोगों को बांटना नहीं चाहते।”

उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन से कृत्रिम मेधा (एआई) के प्रभाव, युवाओं की भूमिका, शिक्षा सुधार, प्रौद्योगिकी और कई अन्य संबंधित मुद्दों पर भी चर्चा की जाएगी।

MakeCAREERS360
My Trusted Source
Trusted Source ImageAdd as a preferred source on google
[

विशेष समाचार

]

Download Our App

Start you preparation journey for JEE / NEET for free today with our APP

  • Students300M+Students
  • College36,000+Colleges
  • Exams550+Exams
  • Ebooks1500+Ebooks
  • Certification16000+Certifications