Santosh Kumar | November 11, 2026 | 02:09 PM IST | 2 mins read
सीईटी (12वीं स्तर) परीक्षा 1 से 3 दिसंबर तक, दो शिफ्ट में आयोजित की जाएगी। ग्रेजुएट स्तर की परीक्षा 16 से 18 जनवरी तक आयोजित की जाएगी।

नई दिल्ली: राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (आरएसएसबी) के अध्यक्ष, मेजर जनरल आलोक राज ने सीईटी और वीडीओ सहित विभिन्न भर्ती परीक्षाओं के परिणामों और अन्य विवरणों के बारे में जानकारी दी है। राजस्थान टीचिंग एसोसिएट 2026 परीक्षा 17 नवंबर से शुरू होने वाली है। यह परीक्षा 17 नवंबर से 21 दिसंबर के बीच विषय-वार आयोजित की जाएगी। अध्यक्ष ने बताया है कि परीक्षा के एडमिट कार्ड 12 या 13 नवंबर को जारी किए जा सकते हैं।
आरएसएसबी के अध्यक्ष मेजर आलोक राज ने सोशल मीडिया पर एक उम्मीदवार के सवाल का जवाब देते हुए इसकी घोषणा की। उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट और एसएसओ पोर्टल से अपने हॉल टिकट डाउनलोड कर सकेंगे।
परीक्षा केंद्र और आवंटित शिफ्ट के बारे में जानकारी एडमिट कार्ड पर दी जाएगी। सीईटी (12वीं स्तर) परीक्षा 1 से 3 दिसंबर तक, दो शिफ्ट में आयोजित की जाएगी। ग्रेजुएट स्तर की परीक्षा 16 से 18 जनवरी तक आयोजित की जाएगी।
सीईटी के परिणामों को लेकर, एक उम्मीदवार ने अध्यक्ष से पूछा कि राजस्थान सीईटी के परिणाम कब घोषित किए जाएंगे। इसके जवाब में, आलोक राज ने बताया कि इन परिणामों को जारी करने में कम से कम दो महीने लग सकते हैं।
उन्होंने बताया कि इन परीक्षाओं के लिए 'नॉर्मलाइजेशन' की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। प्लाटून कमांडर रिजल्ट को लेकर अध्यक्ष ने बताया कि डीवी रिपोर्ट मिलने के बाद ही परिणाम जारी करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सकेगी।
Also readMP PSTET Exam Date 2026: एमपी शिक्षक पात्रता परीक्षा 20 दिसंबर को होगी, शेड्यूल जारी, जानें टाइमिंग
अध्यक्ष ने वीडीओ भर्ती 2025 की वेटिंग लिस्ट को लेकर बताया कि इसे 4 दिसंबर से पहले ऑपरेट किया जाना है। हालांकि, अभी तक नॉन-जॉइनिंग रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है। रिपोर्ट मिलने के बाद ही आगे की प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी।
वहीं, टीचर भर्ती लेवल-2 के एससी मैथ्स, हिंदी और अंग्रेजी विषयों की डीवी रिपोर्ट संस्कृत शिक्षा विभाग से प्राप्त हो गई है। उन्होंने बताया कि इन रिपोर्टों की विस्तृत जानकारी लेने के बाद बताया जाएगा कि परिणाम कब जारी होगा।