Saurabh Pandey | May 18, 2026 | 06:44 PM IST | 2 mins read
छत्तीसगढ़ व्यापम ने 7 मई 2026 को आयोजित हुई प्री. एमसीए प्रवेश परीक्षा के मॉडल उत्तर 18 मई 2026 को अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिए हैं।

नई दिल्ली : छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (CG Vyapam), रायपुर ने प्री. एमसीए प्रवेश परीक्षा (Pre MCA26) के प्रश्न पत्र की मॉडल उत्तर कुंजी जारी कर दी है। यह परीक्षा संचालनालय, तकनीकी शिक्षा के अंतर्गत रविवार, 7 मई 2026 को सुबह की पाली में आयोजित की गई थी। परीक्षा में शामिल हुए अभ्यर्थी अब व्यापम की आधिकारिक वेबसाइट vyapamcg.cgstate.gov.in पर जाकर मॉडल उत्तर देख सकते हैं और अपने प्रश्नों का मिलान कर सकते हैं।
व्यापम द्वारा जारी सूचना के अनुसार, यदि किसी उम्मीदवार को परीक्षा के मॉडल उत्तरों पर कोई आपत्ति है, तो वे प्रमाण सहित अपना दावा-आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए अंतिम तिथि 25 मई 2026 को दोपहर 3 बजे तक निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों को यह ध्यान रखना होगा कि डाक के माध्यम से या व्यापम कार्यालय में स्वयं उपस्थित होकर दी गई किसी भी दावा-आपत्ति को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
इस प्रक्रिया के लिए व्यापम ने एक निर्धारित शुल्क भी तय किया है। अभ्यर्थियों को प्रति प्रश्न 50 रुपये का दावा-आपत्ति शुल्क भुगतान करना होगा। इस शुल्क का भुगतान किए बिना आपत्ति दर्ज करने की प्रक्रिया पूरी नहीं मानी जाएगी। इसके अलावा, अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे पोर्टल पर आपत्ति दर्ज कराने से पहले अपने दावों के समर्थन में दिए जाने वाले दस्तावेजों की सॉफ्ट कॉपी अपलोडिंग के लिए तैयार रखें और प्रक्रिया पूरी होने के बाद इसकी पावती (Receipt) जरूर डाउनलोड कर लें।
नियत तिथि और निर्धारित समय (25 मई, दोपहर 3 बजे) के बाद पोर्टल पर प्राप्त होने वाली किसी भी आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा और बिना प्रमाण वाले दावों को पूरी तरह से अमान्य कर दिया जाएगा। प्राप्त सभी वैलिड आपत्तियों के परीक्षण के बाद विषय विशेषज्ञों द्वारा अंतिम निर्णय लिया जाएगा, जो कि सभी के लिए सर्वमान्य होगा।
सीजी व्यापम प्री एमसीए के मॉडल उत्तर पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए अभ्यर्थियों को व्यापम की वेबसाइट पर जाकर अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर और पासवर्ड की मदद से अपने 'व्यापम प्रोफाइल' में लॉगिन करना होगा। लॉगिन करने के बाद डैशबोर्ड पर दिए गए "दावा-आपत्ति" (Objection) टैब में जाकर निर्देशानुसार अपनी आपत्ति दर्ज करानी होगी। इसकी विस्तृत प्रक्रिया का मैनुअल भी पोर्टल पर अपलोड किया गया है।