AMU Student Protest: छात्रों की भूख हड़ताल से एएमयू में हालात तनावपूर्ण, पुलिस ने बढ़ाई सतर्कता
Press Trust of India | August 19, 2025 | 08:14 AM IST | 2 mins read
एएमयू अधिकारियों ने स्वीकार किया कि छात्रों के समूहों ने कई विभागों के गेट बंद कर दिए, जिससे कई संकायों में कक्षाएं बाधित हुईं।
अलीगढ़: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) परिसर में सोमवार (18 अगस्त) को स्थिति और बिगड़ गई जब दो छात्र अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर चले गए। 14 अगस्त से शुरू हुई भूख हड़ताल के बाद छात्रों की तबीयत बिगड़ने की खबर के बाद पूरे परिसर में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए। आंदोलनकारी छात्र वार्षिक शुल्क में भारी वृद्धि के साथ-साथ छात्र संघ चुनाव की मांग भी कर रहे हैं।
एएमयू के अधिकारियों ने स्वीकार किया कि छात्रों के समूहों ने कई विभागों के गेट बंद कर दिए जिससे कई संकायों में कक्षाओं के संचालन में बाधा उत्पन्न हुई। महिला कॉलेज में सबसे ज़्यादा असर देखने को मिला।
छात्राओं ने मुख्य द्वार को अवरुद्ध कर दिया, जिससे आवाजाही ठप हो गई। प्रदर्शनकारियों ने कुलपति प्रोफेसर नईमा खातून के आवास की ओर मार्च करने की योजना बनाई। इसके बाद पुलिस की एक बड़ी टुकड़ी एएमयू परिसर में पहुंच गई।
पुलिस-सीआरपीएफ का संयुक्त दल तैनात
एएमयू प्रॉक्टर मोहम्मद वसीम अली ने संवाददाताओं को बताया, ''पुलिस को परिसर के अंदर तैनात नहीं किया गया है। उन्होंने केवल आंदोलन फैलने की खबरों के मद्देनजर टोह ली थी। इसके बाद पुलिस बल परिसर से वापस लौट आया।''
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के प्रवेश द्वारों पर पुलिस और सीआरपीएफ का संयुक्त दल तैनात है। अली ने प्रदर्शनकारी छात्रों से अपनी भूख हड़ताल समाप्त करने की अपील की ताकि 'बिना किसी दबाव के शांतिपूर्ण बातचीत' हो सके।
उन्होंने कहा कि प्रशासन 'सार्थक बातचीत' के लिए तैयार है। छात्र संघ चुनावों के बार-बार स्थगित होने के बारे में अली ने कहा, ''हमने वादा किया है कि चुनाव उचित समय पर घोषित किए जाएंगे।''
छात्रों द्वारा सोशल मीडिया पर बयान जारी
अनशन कर रहे छात्रों में से एक सैयद कैफ हसन ने सोशल मीडिया पर एक बयान जारी कर स्पष्ट किया कि विरोध प्रदर्शन 'पूरी तरह से शांतिपूर्ण' था और कुलपति आवास का घेराव करने की कोई योजना नहीं थी।
उन्होंने कहा, ''छात्र अफवाहों का शिकार न हों। हमारी मांगें पूरी होने तक हमारा धरना शांतिपूर्ण ढंग से जारी रहेगा।'' हसन ने कहा कि पुलिस 'हमारी सुरक्षा के लिए' मौजूद है और छात्र परिसर में शांति बनाए रखने में सहयोग करेंगे।
एएमयू प्रशासन मौजूदा छात्रों के लिए शुल्क वृद्धि को 20 प्रतिशत तक सीमित रखने पर सहमत हो गया है लेकिन नए प्रवेशों के लिए शुल्क की समीक्षा की कोई घोषणा नहीं की है। प्रदर्शनकारी छात्र शुल्क की समीक्षा की मांग कर रहे हैं।
अगली खबर
]विशेष समाचार
]- JEE Main 2026 Cutoff for General Category: जेईई मेन 2026 के लिए सामान्य कैटेगरी की अपेक्षित कटऑफ जानें
- JEE Main 2026: एनआईटी पटना के लिए जेईई मेन में कितने मार्क्स चाहिए? जानें पात्रता, फीस, कटऑफ, औसत पैकेज
- JEE Main 2026: एनआईटी इलाहाबाद में प्रवेश के लिए जेईई मेन में कितने अंक चाहिए? पात्रता, फीस और कटऑफ जानें
- JEE Main 2026: एनआईटी दिल्ली के लिए जेईई मेन में कितने मार्क्स चाहिए? जानें पात्रता, फीस, कटऑफ, औसत पैकेज
- राजस्थान की शिक्षा व्यवस्था में बदलाव की तैयारी, ‘लाडू’, ‘रोटलो’ और ‘मोटो बापो’ जैसे स्थानीय शब्द होंगे शामिल
- राजस्थान में 7,000+ कम नामांकन वाले स्कूलों को मर्ज करने की तैयारी, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने जताया विरोध
- अगले 5 साल में 10 अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान स्थापित करने की योजना, आयुष मंत्री प्रतापराव जाधव ने दी जानकारी
- राज्यसभा में कांग्रेस सदस्य ने की हर स्कूल में छात्राओं के लिए अलग शौचालय सुनिश्चित करने की मांग
- हरियाणा के 23 जिलों में बनेंगे 90 आदर्श परीक्षा केंद्र, एचएसएससी अभ्यर्थियों को मिलेगी फ्री बस सुविधा
- Career Options After JEE: जेईई के बाद करियर के बेस्ट विकल्प क्या-क्या है? ट्रेंड्स जानें