Saurabh Pandey | June 24, 2026 | 10:45 AM IST | 3 mins read
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने सहायक अध्यापक (कम्प्यूटर) मुख्य परीक्षा-2025 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिसके लिए अभ्यर्थी 7 जुलाई 2026 तक फॉर्म भर सकते हैं।

नई दिल्ली : उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने सहायक अध्यापक, प्रशिक्षित स्नातक श्रेणी (एलटी ग्रेड) परीक्षा-2025 के अंतर्गत कंप्यूटर विषय की मुख्य परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। कंप्यूटर विषय की प्रारंभिक परीक्षा में सफल घोषित किए गए अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट uppsc.up.nic.in पर जाकर मुख्य परीक्षा के लिए आवेदन कर सकते हैं।
यूपीपीएससी सहायक अध्यापक (कंप्यूटर) मेन्स के लिए ऑनलाइन आवेदन करते समय वेबसाइट के होम पेज पर संबंधित लिंक पर क्लिक करना होगा। इसके बाद ओटीआर नंबर और पासवर्ड या ओटीपी के माध्यम से ऑथेंटिकेट करके 'Applicant Dashboard' पर जाना होगा। 'Check Latest Status' के बाद 'Proceed for fee Deposition' पर क्लिक करके अभ्यर्थी एसबीआई एमओपीएस पोर्टल के जरिए नेट बैंकिंग, डेबिट/क्रेडिट कार्ड, यूपीआई या फिर एसबीआई का ई-चालान डाउनलोड कर नकद भुगतान कर सकते हैं।
आवेदन फॉर्म भरते समय अभ्यर्थियों को अपने सभी जरूरी दस्तावेज जैसे- हर वर्ष की मार्कशीट, डिग्रियां और अन्य दावों से जुड़े सर्टिफिकेट्स की एक सिंगल पीडीएफ फाइल बनाकर अपलोड करनी होगी। ध्यान रहे कि इस पीडीएफ फाइल का साइज अधिकतम 2048 KB (2 MB) तक ही होना चाहिए। ऑनलाइन फॉर्म को पूरी तरह चेक करने के बाद 7 जुलाई, 2026 तक सेव या सबमिट करना अनिवार्य है।
यदि ऑनलाइन फॉर्म सबमिट करने के बाद अभ्यर्थियों को अपनी किसी गलती का पता चलता है, तो आयोग ने उसमें सुधार करने का भी मौका दिया है। अभ्यर्थी वेबसाइट के होम पेज पर दिए गए मॉडिफाई लिंक के जरिए अपने डैशबोर्ड में जाकर आवेदन में संशोधन कर सकते हैं। हालांकि, संशोधन की यह सुविधा केवल एक बार के लिए ही मिलेगी और इसके लिए भी अंतिम तिथि 7 जुलाई, 2026 ही तय की गई है। इसके साथ ही जाति, ईडब्ल्यूएस (EWS), दिव्यांगता और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित प्रमाण पत्रों के प्रारूप भी वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।
ऑनलाइन आवेदन पूरा करने के बाद अभ्यर्थियों को उस फॉर्म सेट का प्रिंटआउट निकालना होगा। इस प्रिंटआउट के साथ अपने सभी दस्तावेजों (अंक पत्र, उपाधि आदि) की स्वप्रमाणित कॉपियां संलग्न करनी होंगी। इस पूरे फॉर्म सेट को एक लिफाफे में बंद कर, उस पर वेबसाइट से अड्रेस स्लिप चस्पा करनी होगी।
यह लिफाफा 14 जुलाई, 2026 की शाम 5 बजे तक या उससे पहले 'सचिव, उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (परीक्षा-6 अनुभाग), 10-कस्तूरबा गांधी मार्ग, प्रयागराज, पिन कोड-211018' के पते पर पंजीकृत डाक द्वारा या व्यक्तिगत रूप से आयोग के गेट संख्या-3 पर स्थित पूछताछ काउंटर पर जमा करना होगा। तय समय के बाद मिलने वाले आवेदनों को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
आयोग द्वारा जारी विज्ञप्ति में स्पष्ट किया गया है कि डिजिटल प्रारूप में जारी जाति प्रमाण पत्र भी स्वीकार किए जाएंगे, लेकिन उनके साथ निवास प्रमाण पत्र लगाना अनिवार्य है। अभ्यर्थियों को चेतावनी दी गई है कि उन्होंने प्रारंभिक परीक्षा के दौरान श्रेणी, उपश्रेणी या योग्यता को लेकर जो भी दावे किए थे, उनसे जुड़े सभी असली दस्तावेज मुख्य परीक्षा के फॉर्म के साथ जरूर लगाएं। यदि दस्तावेज अधूरे पाए गए या दावों की पुष्टि नहीं हुई, तो विज्ञापन के नियमों के तहत उनका अभ्यर्थन स्वतः ही निरस्त मान लिया जाएगा।
इस भर्ती प्रक्रिया के जरिए लगभग 750 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इच्छुक उम्मीदवार नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट uppsc.up.nic.in को चेक करते रहें, क्योंकि नोटिफिकेशन इस सप्ताह या बहुत जल्द जारी किया जा सकता है।
Santosh Kumar