आरआरबी टेक्नीशियन ग्रेड 1 आंसर की जारी कर दी गई है और ग्रेड 3 परीक्षा के लिए आंसर की जनवरी 2025 के पहले सप्ताह में जारी की जाएगी। परीक्षा के लिए मार्किंग स्कीम के अनुसार सही उत्तर के लिए 1 अंक दिया जाएगा और प्रत्येक गलत उत्तर के लिए एक तिहाई अंकों की कटौती की जाएगी।
Saurabh Pandey | December 26, 2024 | 02:28 PM IST
नई दिल्ली : रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) ने तकनीशियन ग्रेड 1 प्रोविजनल आंसर की 2024 जारी कर दी है। जो उम्मीदवार आरआरबी टेक्नीशियन ग्रेड 1 भर्ती परीक्षा के लिए उपस्थित हुए थे, वे आरआरबी की आधिकारिक वेबसाइटों पर जाकर आरआरबी तकनीशियन ग्रेड 1 आंसर की डाउनलोड कर सकते हैं। बोर्ड ने आरआरबी तकनीशियन ग्रेड 1 आंसर की के साथ प्रश्न पत्र और रिस्पॉन्स शीट भी जारी किया है।
आरआरबी तकनीशियन ग्रेड 1 आंसर की डाउनलोड करने के लिए अभ्यर्थियों को अपना पंजीकरण नंबर और जन्म तिथि दर्ज करनी होगी। आरआरबी के आधिकारिक नोटिस के अनुसार, आरआरबी तकनीशियन ग्रेड 1 आंसर की डाउनलोड करने का लिंक 26 दिसंबर सुबह 11 बजे से सक्रिय है और 31 दिसंबर, 2024, सुबह 11 बजे तक उपलब्ध रहेगा।
आरआरबी तकनीशियन ग्रेड 1 आंसर की से जो उम्मीदवार संतुष्ट नहीं और इसे चुनौती देना चाहते हैं, उन्हें चुनौती दिए गए प्रत्येक प्रश्न के लिए 50 रुपये का ऑनलाइन शुल्क देना होगा। आधिकारिक नोटिस में कहा गया है कि यदि उठाई गई आपत्ति सही पाई जाती है, तो ऐसी वैध आपत्तियों के लिए भुगतान किया गया शुल्क लागू बैंक शुल्क में कटौती के बाद उम्मीदवार को वापस कर दिया जाएगा।
आरआरबी तकनीशियन ग्रेड 1 परीक्षा कंप्यूटर आधारित मोड में 19 और 20 दिसंबर, 2024 को आयोजित की गई थी।
आरआरबी इस भर्ती अभियान के माध्यम से 9144 तकनीशियन पदों को भरेगा। इनमें से 1092 तकनीशियन ग्रेड I सिग्नल के लिए और 8052 तकनीशियन ग्रेड III के लिए हैं।