NEET UG 2026: नीट यूजी री-एग्जाम के लिए NTA की तैयारियां पूरी, 21 जून को परीक्षा, 22.79 लाख छात्र होंगे शामिल

Saurabh Pandey | June 19, 2026 | 02:57 PM IST | 4 mins read

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी 21 जून 2026 को देश-विदेश के 565 शहरों में 22.79 लाख से अधिक छात्रों के लिए NEET UG 2026 री-एग्जामिनेशन आयोजित करने के लिए पूरी तरह तैयार है। इस परीक्षा को निष्पक्ष और सुचारू बनाने के लिए 2 लाख से अधिक कर्मियों को तैनात किया गया है।

परीक्षा के दिन उम्मीदवारों को सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे के बीच अपने परीक्षा केंद्र पर रिपोर्ट करना होगा। (आधिकारिक वेबसाइट)

नई दिल्ली : राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने आगामी 21 जून 2026 (शनिवार) को आयोजित होने वाली NEET UG 2026 की पुनः परीक्षा के लिए अपनी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। यह परीक्षा पेन-एंड-पेपर (ऑफलाइन) मोड में दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही, दिव्यांग (PwD/PwBD) उम्मीदवारों को नियमानुसार अतिरिक्त समय दिया जाएगा, जिससे वे शाम 6:20 बजे तक अपनी परीक्षा लिख सकेंगे। इस बार परीक्षा का आयोजन भारत के 551 शहरों और विदेशों के 14 शहरों में एक साथ किया जा रहा है, जिसमें 22.79 लाख से अधिक उम्मीदवार शामिल होंगे।

परीक्षा को पूरी तरह से निष्पक्ष और सुचारू बनाने के लिए एनटीए ने बड़े पैमाने पर प्रशासनिक अमले को तैनात किया है। इस पूरी प्रक्रिया में 674 सिटी कोऑर्डिनेटर, परीक्षा केंद्रों पर स्वतंत्र निगरानी के लिए 6,669 ऑब्जर्वर, सेंटर सुप्रीटेंडेंट और इनविजिलेटर (निरीक्षक) शामिल हैं। गोपनीय सामग्रियों की सुरक्षित आवाजाही के लिए जिला प्रशासन, पुलिस बल और एस्कॉर्ट टीमों को मुस्तैद किया गया है। कुल मिलाकर 22.79 लाख छात्रों की इस परीक्षा को पारदर्शी बनाने के लिए 2 लाख से अधिक कर्मियों को ड्यूटी पर लगाया गया है।

सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए NTA ने मल्टी-लेयर्ड (बहु-स्तरीय) ढांचा तैयार किया है। परीक्षा सामग्री को सीलबंद प्रोटोकॉल के तहत जीपीएस-सज्जित वाहनों और पुलिस सुरक्षा में केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी लाइव फीड केंद्रीय नियंत्रण कक्षों से जुड़ी होगी। इसके अलावा, अत्यधिक संवेदनशील मेटल डिटेक्टरों से अनिवार्य फ्रिस्किंग (जांच) की जाएगी और फर्जीवाड़े को रोकने के लिए 'आधार-आधारित बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन' का उपयोग किया जाएगा। सोशल मीडिया पर अफवाहों और पेपर लीक के झूठे दावों को रोकने के लिए NTA ने गृह मंत्रालय की साइबर-क्राइम अथॉरिटी (I4C/MHA) और CBI में शिकायतें भी दर्ज कराई हैं।

बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन में गड़बड़ी पर भी मिलेगी एंट्री

एनटीए ने उम्मीदवारों के हित में स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए हैं कि यदि किसी तकनीकी खराबी, फिंगरप्रिंट की खराब गुणवत्ता, UIDAI कनेक्टिविटी की समस्या या किसी शारीरिक असमर्थता के कारण केंद्र पर बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन पूरा नहीं हो पाता है, तो भी उम्मीदवार को परीक्षा से वंचित नहीं किया जाएगा। ऐसे छात्रों को केंद्र पर उपलब्ध एक लिखित अंडरटेकिंग (घोषणा पत्र) पर हस्ताक्षर करने होंगे, जिसके बाद उन्हें परीक्षा में बैठने की अनुमति मिल जाएगी। इन उम्मीदवारों की पहचान का भौतिक सत्यापन (मैनुअल वेरिफिकेशन) वैध दस्तावेजों के जरिए किया जाएगा।गर्मी को देखते हुए उम्मीदवारों के लिए विशेष सुविधाएं

भीषण गर्मी और भारी संख्या को ध्यान में रखते हुए NTA ने परीक्षा केंद्रों पर पुख्ता इंतजाम किए हैं-

  1. सभी केंद्रों पर जनरेटर सहित विश्वसनीय पावर बैक-अप की व्यवस्था की गई है, ताकि बिजली, लाइट और पंखों की कोई कमी न रहे।
  2. उम्मीदवारों को समय का ध्यान रखने के लिए परीक्षा कक्षों में दीवार घड़ियां लगाई गई हैं।
  3. केंद्रों पर पीने के पानी, स्वच्छता और ऑन-साइट मेडिकल सहायता की सुविधा उपलब्ध होगी।
  4. आम छात्र अपने साथ एक पारदर्शी पानी की बोतल ले जा सकते हैं। वहीं, मधुमेह (डायबिटिक) से पीड़ित उम्मीदवारों को दिशानिर्देशों के तहत पारदर्शी पानी की बोतल के साथ चीनी की गोलियां और फल (केला, सेब, संतरा) ले जाने की अनुमति होगी।
  5. वेरिफिकेशन प्रक्रिया को तेज करने के लिए अतिरिक्त बायोमेट्रिक मशीनें और प्रशिक्षित कर्मचारी तैनात किए गए हैं।

रिपोर्टिंग टाइम और एंट्री के सख्त नियम

परीक्षा के दिन उम्मीदवारों को सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे के बीच अपने परीक्षा केंद्र पर रिपोर्ट करना होगा। दोपहर 1:30 बजे परीक्षा केंद्र के गेट पूरी तरह बंद कर दिए जाएंगे और इसके बाद किसी भी परिस्थिति में प्रवेश नहीं मिलेगा। जो उम्मीदवार पारंपरिक या धार्मिक पोशाक पहनते हैं, या पूरी आस्तीन (फुल-स्लीव्स) व ऊनी कपड़े पहनना चाहते हैं, उन्हें गहन जांच के लिए समय से पहले पहुंचने की सलाह दी गई है।

उम्मीदवारों को केवल मैप एप्लीकेशन (जैसे गूगल मैप) पर भरोसा न करने की सलाह दी गई है, क्योंकि वहां पिन लोकेशन गलत हो सकती है। वे एडमिट कार्ड पर लिखे सटीक पते को ही सही मानें। परीक्षा केंद्र पर एडमिट कार्ड की प्रिंटेड कॉपी, एक मूल वैध फोटो आईडी प्रूफ और अटेंडेंस शीट पर चिपकाने के लिए दो पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ लाना अनिवार्य है।

उम्मीदवारों के लिए महत्वपूर्ण सलाह

NTA ने उम्मीदवारों से अपील की है कि वे आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जारी ड्रेस कोड और स्वीकृत वस्तुओं की सूची का कड़ाई से पालन करें। परीक्षा हॉल के भीतर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर, वॉलेट, आभूषण, धातु की वस्तुएं और खाद्य पैकेट ले जाना सख्त वर्जित है। छात्र केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें और पेपर लीक के फर्जी दावों या अफवाहों का शिकार न बनें, बल्कि ऐसी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत साइबर-क्राइम सेल को दें।

Also read NEET Retest 2026: नीट ड्रेस कोड व अनुमत वस्तुओं के संबंध में एडवाइजरी जारी, बायोमेट्रिक सत्यापन भी अनिवार्य

हेल्पलाइन की सुविधा

मानसिक स्वास्थ्य और तनाव प्रबंधन के लिए छात्र राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन 'टेली-मानस' (14416) की मदद ले सकते हैं। हेल्पलाइन और संपर्क सूत्र (सुबह 10 से शाम 5:15 बजे तक)

  • फोन नंबर: 011-40759000 / 011-69227700
  • ईमेल: neetug2026@nta.ac.in
  • वेबसाइट: www.nta.ac.in, neet.nta.nic.in
  • शिकायत/चिंता दर्ज कराने के लिए - innovateindia.mygov.in/neet-ug-2026
MakeCAREERS360
My Trusted Source
Add as a preferred source on google
[

विशेष समाचार

]
[

नवीनतम शिक्षा समाचार

]