Saurabh Pandey | November 23, 2026 | 02:10 PM IST | 2 mins read
नीट पीजी राउंड-1 और राउंड-2 काउंसलिंग के तहत आवंटित सीट छोड़ने का उम्मीदवारों के पास मौका है। इस संबंध में एमसीसी ने एक नोटिस जारी किया है।

नई दिल्ली : मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) ने नीट पीजी काउंसलिंग 2026 के अभ्यर्थियों के लिए एक नोटिस जारी किया है। विभिन्न कारणों से राउंड-1 या राउंड-2 में आवंटित अपनी सीट छोड़ने के इच्छुक उम्मीदवारों के लिए सीट रेजिग्नेशन की सुविधा दी गई है। जिन उम्मीदवारों को सीटें आवंटित हुई हैं, वे 23 नवंबर दोपहर 2 बजे से लेकर 25 नवंबर 2026 को शाम 6 बजे तक अपनी सीट से इस्तीफा दे सकते हैं।
एमसीसी द्वारा जारी आधिकारिक नोटिस के अनुसार, राउंड-1 के वे उम्मीदवार जिनका राउंड-2 में अपग्रेडेशन नहीं हुआ है, वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी सिक्योरिटी डिपॉजिट की जब्त राशि के साथ सीट छोड़ सकते हैं। इसी तरह, राउंड-2 में पहली बार सीट पाने वाले या राउंड-2 में अपग्रेड होकर नई सीट जॉइन करने वाले जो उम्मीदवार अब अपनी सीट खाली करना चाहते हैं, वे भी सिक्योरिटी डिपॉजिट की जब्त राशि की शर्त के साथ तय समय में इस्तीफा दे सकते हैं।
एमसीसी ने सीट छोड़ने की प्रक्रिया को लेकर स्पष्ट किया है कि 'फ्रीज' विकल्प चुनने वाले उम्मीदवारों को इस्तीफा देने के लिए खुद आवंटित संस्थान में जाकर प्रक्रिया पूरी करनी होगी। वहीं, 'फ्लोट' विकल्प चुनने वाले उम्मीदवार ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपना इस्तीफा सबमिट कर सकेंगे।
एमसीसी ने सभी उम्मीदवारों को विशेष रूप से सलाह दी है कि वे यह सुनिश्चित करें कि आवंटित कॉलेज द्वारा उनका रेजिग्नेशन लेटर एमसीसी के पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन जेनरेट किया गया हो। यदि ऑनलाइन पोर्टल से रेजिग्नेशन लेटर जेनरेट नहीं किया जाता है, तो उम्मीदवार का इस्तीफा अमान्य माना जाएगा।