Santosh Kumar | June 17, 2026 | 02:24 PM IST | 2 mins read
मुख्यमंत्री ने नीट के समन्वय के लिए जिम्मेदार उच्च शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर 19 जून तक बायोमेट्रिक मशीनें, सीसीटीवी कैमरे और जैमर स्थापित किए जाएं तथा 20 जून को उनका परीक्षण किया जाए।
Predict your MBBS, BDS & AYUSH admission chances with the NEET College Predictor. Get personalized college recommendations based on rank, category & quota.
Try Now
नई दिल्ली: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 21 जून को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) की पुनर्परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से आयोजित बैठक में यादव ने सभी तैयारियां निर्धारित समय से पहले पूरी करने के निर्देश दिए। राज्य के 30 जिलों में स्थित 283 परीक्षा केंद्रों पर नीट-यूजी परीक्षा आयोजित की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने नीट के समन्वय के लिए जिम्मेदार उच्च शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर 19 जून तक बायोमेट्रिक मशीनें, सीसीटीवी कैमरे और जैमर स्थापित किए जाएं तथा 20 जून को उनका परीक्षण किया जाए।
सीएम ने कहा कि 21 जून को राष्ट्रपति मुर्मू का जबलपुर दौरा है, इसलिए प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी शहर में यातायात प्रबंधन की ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करें जिससे अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में कोई कठिनाई न हो।
उन्होंने कहा कि उसी दिन अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम भी आयोजित होंगे, इसलिए यह सुनिश्चित किया जाए कि इन आयोजनों के कारण परीक्षार्थियों को यातायात संबंधी परेशानी का सामना न करना पड़े।
राज्य के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने निर्देश दिए कि यदि किसी अभ्यर्थी को परिवहन संबंधी समस्या आती है तो प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी सरकारी अथवा निजी वाहन की व्यवस्था कर उसकी सहायता करें।
यादव ने सभी 30 जिलों जिलाधिकारियों, पुलिस अधीक्षकों तथा परीक्षा व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों से कहा कि नीट के लिए तैयार की गई एसओपी का उपयोग भविष्य में राज्य में आयोजित होने वाली अन्य परीक्षाओं में भी किया जाएगा।
नीट के लिए जिला स्तरीय समन्वय समितियों का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं तथा प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सहायक उपनिरीक्षक स्तर के एक पुलिस अधिकारी की तैनाती की गई है।
जानकारी के अनुसार, परीक्षा के प्रश्नपत्र राज्य में पहुंच चुके हैं और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा अधिसूचित दो बैंकों में सुरक्षित रखे गए हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर दो स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू रहेगी।
बाहरी सुरक्षा घेरा राज्य पुलिस एवं होमगार्ड के जवान संभालेंगे, जबकि आंतरिक सुरक्षा की जिम्मेदारी एनटीए द्वारा नियुक्त एजेंसी के पास होगी। सभी परीक्षा केंद्रों पर जनरेटर, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और पंखों की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
प्रत्येक केंद्र पर प्राथमिक स्वास्थ्य कर्मी और प्राथमिक उपचार किट उपलब्ध रहेगी, जबकि नियंत्रण कक्ष में चिकित्सकों और पैरामेडिकल कर्मियों की टीम तैनात रहेगी। बैठक में मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
इनपुट्स-पीटीआई
मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप परीक्षा की शुचिता, पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
Press Trust of India