Saurabh Pandey | November 20, 2026 | 05:41 PM IST | 2 mins read
आईबीपीएस पीओ मेंस रिजल्ट जारी हो चुका है। परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवार इसे आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से डाउनलोड कर सकते हैं।

नई दिल्ली : इंस्टीट्यूट ऑफ बैंकिंग पर्सोनेल सिलेक्शन (IBPS) ने प्रोबेशनरी ऑफिसर (पीओ) / मैनेजमेंट ट्रेनी (एमटी) की भर्ती के लिए मुख्य परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। जो उम्मीदवार मेन्स परीक्षा में शामिल हुए थे, वे आधिकारिक वेबसाइट ibps.in पर जाकर अपने रजिस्ट्रेशन नंबर और पासवर्ड या जन्म तिथि का उपयोग करके अपना परिणाम देख सकते हैं। परिणाम 27 नवंबर तक डाउनलोड के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगा।
आईबीपीएस पीओ मेंस परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवार अब आधिकारिक वेबसाइट पर अपना क्वालिफाइंग स्टेटस देख सकते हैं। शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों को इंटरव्यू की तैयारी शुरू कर देनी चाहिए और अगले चरण के लिए जरूरी दस्तावेज तैयार रखने चाहिए।
आईबीपीएस मुख्य परीक्षा 4 अक्टूबर 2026 को ऑनलाइन मोड में आयोजित की गई थी। इस पेपर में रीजनिंग और कंप्यूटर एप्टीट्यूड, सामान्य/अर्थव्यवस्था/बैंकिंग जागरूकता, अंग्रेजी भाषा और डेटा एनालिसिस एंड इंटरप्रिटेशन का टेस्ट लिया गया था। इसके साथ ही, अंग्रेजी लेखन परीक्षा भी हुई, जिसमें एक निबंध और एक पत्र लिखना था। उम्मीदवारों को सेक्शनल और कुल कट-ऑफ पास करना अनिवार्य है। जो उम्मीदवार उत्तीर्ण हुए हैं, वे इंटरव्यू राउंड के लिए पात्र हैं। इससे पहले, 22 और 23 अगस्त 2026 को आयोजित प्रारंभिक परीक्षा के लिए परिणाम 23 सितंबर 2026 को जारी किया गया था।