Abhay Pratap Singh | March 21, 2026 | 03:31 PM IST | 1 min read
लिमिटेड डायरेक्ट रिक्रूटमेंट (LDR) टेस्ट का आयोजन सेवारत एसएमसी शिक्षकों की टीजीटी, जेबीटी एवं ड्राइंग मास्टर पदों पर भर्ती के लिए किया जाता है।

नई दिल्ली: हिमाचल प्रदेश स्कूल एजुकेशन बोर्ड (HPBOSE) ने 21 मार्च को लिमिटेड डायरेक्ट रिक्रूटमेंट टेस्ट (LDRT) 2025-26 का परिणाम घोषित कर दिया है। लिखित परीक्षा में उपस्थित हुए उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट www.hpbose.org के माध्यम से एचपी एलडीआर टेस्ट रिजल्ट 2026 डाउनलोड कर सकते हैं।
यह परीक्षा 22 फरवरी, 2026 को आयोजित की गई थी। इस भर्ती अभियान के माध्यम से कुल 1,427 पदों को भरा जाएगा, इनमें टीजीटी (आर्ट्स, नॉन-मेडिकल, मेडिकल, संस्कृत, हिंदी), जेबीटी और ड्राइंग मास्टर के पद शामिल हैं। यह भर्ती एसएमसी नीति के तहत कार्यरत इन-सर्विस शिक्षकों के लिए आयोजित की गई थी।
एचपी एलडीआर टेस्ट 2026 रिजल्ट पीडीएफ प्रारूप में जारी किया गया है, जिसमें ड्राइंग मास्टर, ट्रेंड ग्रेजुएट टीचर और जूनियर बेसिक ट्रेंड टीचर पदों के लिए परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले उम्मीदवारों के रोल नंबर शामिल हैं। एचपीबोस लिमिटेड डायरेक्ट रिक्रूटमेंट रिजल्ट डाउनलोड करने के लिए क्रेडेंशियल की आवश्यकता नहीं होगी।
Also readHPCET 2026: हिमाचल प्रदेश कॉमन एंट्रेस टेस्ट के लिए पंजीकरण शुरू, पात्रता मानदंड, परीक्षा तिथि जानें
बोर्ड द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, इन पदों के लिए कुल 1,437 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिन्हें अस्थायी रूप से स्वीकार किया गया। स्क्रीनिंग टेस्ट में 1,433 अभ्यर्थी शामिल हुए, जबकि चार उम्मीदवार अनुपस्थित रहे। इन पदों को भरने के लिए स्कूल शिक्षा निदेशालय, हिमाचल प्रदेश से अनुरोध प्राप्त हुआ था।
नोटिस में कहा गया कि, पदवार एवं मेरिट के आधार पर तैयार की गई विस्तृत सूची संबंधित नियुक्ति प्राधिकारी को आगे की आवश्यक प्रक्रिया के लिए भेजी जाएगी। इसमें अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन तथा संबंधित भर्ती एवं पदोन्नति (R&P) नियमों के अनुसार योग्य उम्मीदवारों को नियुक्ति प्रस्ताव जारी करना शामिल होगा।
हिमाचल प्रदेश लिमिटेड डायरेक्ट रिक्रूटमेंट टेस्ट में कुल 1249 कैंडिडेट सफल घोषित किए गए हैं। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि परिणाम पूर्णतः अभ्यर्थियों की पात्रता शर्तों और मूल दस्तावेजों के सत्यापन के अधीन रहेगा। एलडीआर 2026 परिणाम पीडीएफ https://www.hpbose.org/Notification.aspx पर उपलब्ध है।