Press Trust of India | March 24, 2026 | 10:36 PM IST | 2 mins read
मुख्यमंत्री ने बजट पेश करते हुए कहा कि सरकार 'प्ले स्कूलों' को एक ढांचे के तहत विनियमित करने के लिए एक 'निजी प्ले स्कूल नीति' लाएगी।

नई दिल्ली: दिल्ली सरकार ने 2026-27 के अपने बजट में शिक्षा क्षेत्र के लिए 19,326 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी में एक सैनिक विद्यालय खोलने एवं 9वीं कक्षा की 13 लाख छात्राओं के लिए मुफ्त साइकिलें उपलब्ध कराने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री ने बजट पेश करते हुए कहा कि सरकार 'प्ले स्कूलों' को एक ढांचे के तहत विनियमित करने के लिए एक 'निजी प्ले स्कूल नीति' लाएगी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की ज्ञान संसाधनों तक समान पहुंच सुनिश्चित करने के लिए एक डिजिटल पुस्तकालय प्रणाली के साथ-साथ एक साझा पुस्तकालय स्थापित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि 9वीं कक्षा की लगभग 1,30,000 छात्राओं को स्कूल आने-जाने में सहूलियत के लिए मुफ्त साइकिलें उपलब्ध कराई जाएंगी, जिसके लिए 90 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है। युवाओं को अनुशासन, देशभक्ति और नेतृत्व गुणों से सशक्त बनाने के लिए दिल्ली सरकार शहर में पहली बार एक सैनिक विद्यालय स्थापित करेगी।
रेखा गुप्ता ने केंद्र से राष्ट्रीय राजधानी में 10 केंद्रीय विद्यालय उपलब्ध कराने की मांग की। इस वर्ष शिक्षा क्षेत्र के लिए आवंटित राशि पिछले वर्ष के 19,291 करोड़ रुपये से थोड़ी अधिक है। पिछले बजट में भी शिक्षा क्षेत्र को कुल बजट में सबसे अधिक हिस्सा प्राप्त हुआ था।
दिल्ली सीएम ने कहा कि कुल बजट आवंटन में से 19,148 करोड़ रुपये विशेष रूप से शिक्षा के लिए प्रस्तावित किए गए हैं, जिसमें नये स्कूल भवनों के निर्माण के लिए 200 करोड़ रुपये और मौजूदा स्कूलों के विस्तार के लिए 275 करोड़ रुपये शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा के अंतर्गत 720 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है, जिसमें शाहदरा, पूसा और जेल रोड स्थित आईटीआई में बुनियादी ढांचे का विस्तार करने और जीबी पंत इंजीनियरिंग कॉलेज और पॉलिटेक्निक के लिए 100 करोड़ रुपये के आवंटन के साथ नए भवनों का निर्माण करने की योजना है।