Trusted Source Image

CJP Protest Live: सरकार के साथ बातचीत समाप्त; 2 मुद्दों पर बनी बात, प्रधान के इस्तीफे पर कल तक का समय मांगा

Saurabh Pandey | July 25, 2026 | 10:23 AM IST | 14 mins read

नीट प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठे सोनम वांगचुक ने सरकार से आश्वासन मिलने के बाद अपना अनशन समाप्त कर दिया है।

सीजेपी ने 20 जुलाई को संसद चलो मार्च बुलाया था, जिसमें पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच जमकर झड़पें हुईं। (इमेज-एक्स/@abhijeet_dipke)
सीजेपी ने 20 जुलाई को संसद चलो मार्च बुलाया था, जिसमें पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच जमकर झड़पें हुईं। (इमेज-एक्स/@abhijeet_dipke)

नई दिल्ली: नीट प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठे सोनम वांगचुक ने सरकार से आश्वासन मिलने के बाद अपना अनशन समाप्त कर दिया है। कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज केंद्र सरकार के मंत्रियों से मुलाकात की। वांगचुक के अनशन समाप्त करने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा, ''मैं सोनम जी से अनुरोध करता हूं कि वह चिकित्सकों की सलाह मानें और अपना वजन फिर से पुरानी स्थिति में लायें, मैं प्रार्थना करता हूं कि वह स्वस्थ रहें।''

दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) और उनके समर्थकों की भारी भीड़ पिछले एक महीने से जुटी है, जिनमें छात्र, अभिभावकों समेत हजारों की संख्या में लोग शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। छात्र नीट परीक्षा में हुई गड़बड़ियों, पेपर लीक का मुद्दा उठा रहे हैं। लेकिन सरकार ने अभी तक न ही धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा लिया है और न ही प्रदर्शन कर रहे छात्रों से बात की है।

सीजेपी ने 20 जुलाई को संसद चलो मार्च बुलाया था, जिसमें पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच जमकर झड़पें हुईं, पुलिस ने छात्रों, प्रदर्शनकारियों पर लाठियां भांजी, आंसू गैस के गोले छोड़े, जिसमें कई छात्र घायल भी हुए हैं। इस घटना के बाद राजनीतिक दलों ने खुलकर छात्रों का समर्थन किया।

दिल्ली पुलिस ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के चल रहे विरोध-प्रदर्शन के दौरान राष्ट्रीय राजधानी के कनॉट प्लेस इलाके में हुई कथित हिंसा और पत्थरबाजी के मामले में केस दर्ज किया है। दिल्ली पुलिस के अनुसार, जंतर-मंतर पर सीजेपी के विरोध-प्रदर्शन वाली जगह के पास हुई पत्थरबाजी में असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (पंजाबी बाग) जय प्रकाश और कनॉट प्लेस के एसीपी विवेक भगत घायल हो गए।

फास्ट ट्रैक कोर्ट्स का गठन किया जाएगा-पीएम मोदी

पीएम मोदी के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लिखा गया है कि देश के युवाओं का हित और उनका भविष्य हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। पेपर लीक के सभी मामलों में दोषियों को जल्द से जल्द कठोर दंड देने के लिए, केस के त्वरित निस्तारण के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट्स का गठन किया जाएगा। इस संबंध में निर्देश दे दिए गए हैं कि संबंधित विभाग आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।

विद्यार्थियों के हितों को सुरक्षित करने के लिए, सरकार द्वारा लिए जा रहे निर्णयों की श्रृंखला में ये एक महत्वपूर्ण कदम है। युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा का बयान

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार युवाओं के भविष्य और उनके हितों की रक्षा के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। पेपर लीक जैसी गंभीर चुनौती से निपटने के लिए प्रधानमंत्री मोदी द्वारा फास्ट ट्रैक कोर्ट के गठन तथा दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई का संकल्प हमारी सरकार की संवेदनशीलता और युवाओं के प्रति प्रतिबद्धता का स्पष्ट प्रमाण है। इसके विपरीत, विपक्ष और उसके नेता राहुल गांधी संसद में इस महत्वपूर्ण विषय पर सार्थक चर्चा करने से बचते हुए सड़कों पर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं, जो उनके गैर-जिम्मेदाराना और लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत आचरण को दर्शाता है।

Also read Delhi High Court: सीजेपी प्रदर्शनकारियों पर पुलिस की बर्बरता से जुड़ी याचिका पर तुरंत सुनवाई से अदालत का इनकार

सीजेपी का बयान

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने गुरुवार को कहा कि पेपर लीक के खिलाफ कार्रवाई के बारे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की घोषणा में जवाबदेही के मुद्दे पर कोई बात नहीं की गई और पार्टी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की अपनी मांग दोहराई है।

MakeCAREERS360
My Trusted Source
Trusted Source ImageAdd as a preferred source on google

दिल्ली के जंतर -मंतर पर पिछले महीने भर से छात्र लगातार नीट परीक्षा लीक होने का विरोध कर रहे हैं। 20 जुलाई को पुलिस और छात्रों के बीच झड़प भी हुई, लेकिन छात्र शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग पर अड़े हुए हैं।

July 25, 2026 | 09:16 AM IST

सीजेपी प्रवक्ता आशुतोष रंका का बयान

सरकार के साथ बैठक के बाद, कॉकरोच जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रंका ने कहा कि कल की बैठक में मुआवजे और कानूनी मामलों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली। सैद्धांतिक रूप से सहमति बनी। हमें उम्मीद है कि आज वह लिखित समझौता भी मिल जाएगा। लेकिन मुख्य मांग, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े को लेकर कोई ठोस फैसला नहीं हुआ है।

July 25, 2026 | 08:03 AM IST

एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक ने जारी किया बयान

अपनी भूख हड़ताल तोड़ने पर एक बयान जारी करते हुए एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक ने कहा, "छात्रों के लिए 26 दिन तक भूखा रहने के बाद, 11 किलो वज़न कम हो गया, मसल्स चले गए और मेरे ऑर्गन्स और ब्रेन ऐसे डैमेज हो गए हैं जिन्हें ठीक नहीं किया जा सकता, और यह सब लद्दाख की कड़ाके की ठंड से आने के बाद दिल्ली की चिलचिलाती धूप में ये सब करने के बाद, क्या मुझे किसी से कैरेक्टर सर्टिफिकेट लेना होगा कि मेरा अनशन कितना पवित्र था।

July 24, 2026 | 10:46 PM IST

उत्तराखंड टेक्निकल यूनिवर्सिटी पेपर लीक मामला

उत्तराखंड टेक्निकल यूनिवर्सिटी में कथित तौर पर प्रश्न पत्र लीक होने के मामले में राज्य के तकनीकी शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस शनिवार को देहरादून में विरोध प्रदर्शन करेगी।

July 24, 2026 | 10:00 PM IST

जंतर-मंतर पर हालात सामान्य- स्पेशल पुलिस कमिश्नर, दिल्ली

दिल्ली के स्पेशल पुलिस कमिश्नर अजय चौधरी ने कहा कि अभी जंतर-मंतर पर हालात सामान्य हैं। कल के मुकाबले भीड़ कम है। कई तरह की बातचीत भी चल रही है। इसके अच्छे नतीजे सामने आए हैं और लोग धीरे-धीरे इसे समझ रहे हैं। अभी यहां लोग देशभक्ति के गाने गा रहे हैं, नाच-गा रहे हैं और बातचीत कर रहे हैं। इसलिए कोई चिंताजनक स्थिति नहीं है। हमारा मुख्य मकसद यह पक्का करना है कि किसी भी हाल में शांति भंग न हो।

July 24, 2026 | 09:30 PM IST

एनटीए ने 47 अधिकारियों को नौकरी से निकाला

एनटीए ने 47 अधिकारियों को नौकरी से निकाल दिया है। इनमें से कुछ अधिकारियों के खिलाफ कानूनी और आपराधिक कार्रवाई भी की जाएगी। यह एनटीए में बड़े बदलाव का हिस्सा है, जो पेपर लीक को लेकर विवादों में रहा है।

July 24, 2026 | 08:47 PM IST

राहुल गांधी ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को बताया क्रिमिनल

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान एक अपराधी शिक्षा मंत्री हैं। उन्हें हटाया जाना चाहिए। वे हमारी शिक्षा व्यवस्था के ध्वस्त होने का प्रतीक हैं। उन्हें जाना होगा। उन्हीं की वजह से हजारों लोग बाहर हैं। उन्हें जाना होगा।

July 24, 2026 | 07:40 PM IST

नीट पेपर लीक मामले में आरोपी डॉक्टर की जमानत अर्ज़ी खारिज

दिल्ली की एक अदालत ने शुक्रवार को नीट पेपर लीक मामले में आरोपी एक डॉक्टर की जमानत अर्जी खारिज कर दी। अदालत ने कहा कि जांच से प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट है कि वह "पेपर लीक करने वाले एक संगठित गिरोह के सक्रिय साज़िशकर्ताओं में से एक" था।

July 24, 2026 | 06:38 PM IST

सीजेपी पुलिसकर्मियों की पहचान के लिए वेबसाइट लॉन्च करेगी

सीजेपी 20 जुलाई को छात्रों पर हुई कार्रवाई में शामिल पुलिसकर्मियों की पहचान करने और कानूनी कार्रवाई की मांग के लिए वेबसाइट लॉन्च करेगी। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने शुक्रवार को घोषणा की कि वह 'संसद चलो' मार्च के दौरान 20 जुलाई को हुई कार्रवाई में कथित तौर पर शामिल पुलिसकर्मियों की पहचान करने के लिए प्रदर्शनकारियों से तस्वीरें और वीडियो इकट्ठा करने के लिए एक खास वेबसाइट लॉन्च करेगी। पार्टी ने कहा कि वह इन अधिकारियों के खिलाफ FIR दर्ज कराने की मांग करेगी और अदालत का दरवाजा खटखटाएगी।

July 24, 2026 | 05:18 PM IST

जंतर-मंतर पर फेशियल रिकग्निशन सिस्टम सक्रिय

पुलिस ने वांटेड अपराधियों की पहचान के लिए जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन वाली जगह पर फेशियल रिकग्निशन सिस्टम लगाया है। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन वाली जगह के आस-पास चार फेशियल रिकग्निशन सिस्टम (FRS) यूनिट लगाई गई हैं, ताकि वांटेड अपराधियों, भगोड़ों और हिस्ट्री-शीटरों की पहचान की जा सके।

July 24, 2026 | 04:34 PM IST

शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर सीजेपी प्रवक्ता

शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर सीजेपी के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि हमने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह से बात की। हमने उनसे कहा कि इस पर कोई समझौता नहीं हो सकता। यह बात सीजेपी, सोनम जी या किसी एक व्यक्ति के बारे में नहीं है। यह आंदोलन जवाबदेही के बारे में है।

July 24, 2026 | 03:57 PM IST

CJP-Govt Dialogue: सीजेपी की मोदी सरकार से 3 मुख्य मांगे

  • पहली और सबसे जरूरी मांग है कि धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें या उन्हें केंद्रीय कैबिनेट से हटाया जाए।
  • दूसरी मांग है कि पेपर लीक के कारण मरने वालों और पीड़ितों के परिवारों को 1 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए। 
  • तीसरी मांग है कि प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज सभी एफआईआर वापस ली जाएं।

July 24, 2026 | 03:38 PM IST

CJP-Govt Dialogue: सरकार के सामने कॉजपा की 3 मांगें व 5 सुझाव

जेपी नड्डा ने बताया कि सीजेपी ने सरकार के सामने 3 मुख्य मांगें और 5 सुझाव रखे हैं। उन्होंने कहा कि इन मांगों पर सरकार के साथ विस्तार से चर्चा होगी और वे कल फिर प्रवक्ताओं से मिलकर उन्हें बातचीत की प्रगति के बारे में जानकारी देंगे।

July 24, 2026 | 03:18 PM IST

Anti-Paper Leak Bill: कैबिनेट ने दी पेपर लीक बिल को मंजूरी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 'सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026' को मंजूरी दे दी।

ये भी पढ़ें:- CJP-Govt Dialogue: सीजेपी प्रवक्ताओं ने सरकार के मंत्रियों से की मुलाकात; कैबिनेट ने दी पेपर लीक बिल को मंजूरी

July 24, 2026 | 02:58 PM IST

CJP Protest: जेपी नड्डा, जितेंद्र सिंह ने सीजेपी के प्रतिनिधियों से की मुलाकात

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा और केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने छात्र संगठन 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के प्रतिनिधियों के साथ एक अहम बैठक की।

July 24, 2026 | 02:24 PM IST

नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन भी किया गया बंद

सीजेपी प्रोटेस्ट को लेकर नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन अगले निर्देश तक बंद कर दिया गया है। इस स्टेशन पर कोई इंटरचेंज सुविधा उपलब्ध नहीं होगी।

July 24, 2026 | 01:57 PM IST

CJP Protest News: विधेयक अगले सप्ताह संसद में पेश होगा

पीएम मोदी ने बृहस्पतिवार को कहा था कि केंद्रीय मंत्रिमंडल से मंजूरी मिलने के बाद प्रश्नपत्र लीक के खिलाफ कड़े प्रावधान वाला विधेयक अगले सप्ताह संसद में पेश किया जाएगा। इसके बाद पीएम ने विडियो संदेश भी साझा किया।

July 24, 2026 | 01:37 PM IST

Vineet Joshi Transferred: उच्च शिक्षा सचिव विनीत जोशी का तबादला

शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग के सचिव के रूप में विनीत जोशी का पद नरेश पाल गंगवार ने ले लिया है, जो पहले मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय के पशुपालन और डेयरी विभाग के सचिव का पद संभाल चुके थे।

July 24, 2026 | 01:30 PM IST

Parliament Monsoon Session: शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के लिए अड़े राहुल गांधी

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने कहा कि जब तक शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान परीक्षा का पेपर लीक होने की ज़िम्मेदारी लेते हुए इस्तीफ़ा नहीं देते और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ कथित पुलिस बर्बरता के लिए माफ़ी नहीं मांगते, तब तक सरकार के साथ कोई बातचीत नहीं होगी।

ये भी पढ़ें:- Paper Leak Row: 10 साल में 152 पेपर लीक; राहुल ने कहा- धर्मेंद्र प्रधान को हटाएं, पीएम छात्रों से मांगें माफी

July 24, 2026 | 01:03 PM IST

CJP Protest Meeting 2026: सीजेपी के प्रवक्ता मीटिंग के लिए जंतर मंतर से निकले

कॉकरोच जनता पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास, सरकार से मिलने के लिए कुछ ही देर पहले जंतर-मंतर से निकले।

July 24, 2026 | 12:36 PM IST

CJP Protest Update: सीजेपी के साथ बातचीत से पहले शाह के आवास पर बैठक

कॉकरोच जनता पार्टी के साथ संभावित बातचीत और गतिरोध को सुलझाने की रणनीति पर विचार करने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आवास पर जेपी नड्डा, जितेंद्र सिंह और नितिन नवीन के साथ उच्च स्तरीय बैठक हो रही है।

July 24, 2026 | 12:06 PM IST

CJP Nationwide Protest: धर्मेंद्र प्रधान को हटाने की मांग पर अड़े छात्र

सीजेपी के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने पीएम के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "मोदी जी, धर्मेंद्र प्रधान को हटा दीजिए। यह सबसे सख़्त कार्रवाई है जो आप कर सकते हैं।" अभिजीत दीपके ने भी पीएम की घोषणा पर प्रतिक्रिया दी।


ये भी पढ़ें:- CJP Protest: कॉकरोच जनता पार्टी का प्रतिनिधिमंडल आज दोपहर 12:30 बजे सरकार के मंत्रियों से मुलाकात करेगा

July 24, 2026 | 11:32 AM IST

Sonam Wangchuk Hunger Strike: सोनम वांगचुक का अनशन समाप्त

प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने सरकार से आश्वासन मिलने के बाद अनशन समाप्त कर दिया है। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह ने उनसे मुलाकात की।

July 24, 2026 | 10:55 AM IST

CJP Protests Live Updates: कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में मीटिंग

सीजेपी के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि केंद्र सरकार उनकी इस मांग को मानने के लिए सहमत हो गई है कि बातचीत किसी निष्पक्ष जगह पर होनी चाहिए। बातचीत के लिए 'कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया' को चुना गया है।

July 24, 2026 | 10:25 AM IST

Salman Khan on CJP Protest: सीजेपी के विरोध प्रदर्शन पर सलमान खान

सलमान खान ने कहा कि प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया है और मुझे यकीन है कि वे इस पेपर लीक के लिए ज़िम्मेदार सभी लोगों के ख़िलाफ़ सख़्त कार्रवाई करेंगे। इसलिए छात्रों, कृपया अपने माता-पिता के पास और घर लौट जाएं।

July 24, 2026 | 10:01 AM IST

CJP Protest: सीजेपी प्रतिनिधिमंडल की सरकार के मंत्रियों के साथ मीटिंग आज

कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) का एक प्रतिनिधिमंडल आज केंद्र सरकार के मंत्रियों से मुलाकात करेगा। समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, बैठक दोपहर 12.30 बजे होगी।

July 24, 2026 | 09:08 AM IST

Cockroach Janta Party: वांगचुक के लिए पीएम मोदी का संदेश

वांगचुक के अनशन समाप्त करने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा, ''मैं सोनम जी से अनुरोध करता हूं कि वह चिकित्सकों की सलाह मानें और अपना वजन फिर से पुरानी स्थिति में लायें, मैं प्रार्थना करता हूं कि वह स्वस्थ रहें।''

ये भी पढ़ें:- CJP Protest: सोनम वांगचुक ने 27वें दिन तोड़ा अनशन; जेपी नड्डा ने अस्पताल में की मुलाकात, पीएम ने भेजा संदेश

July 24, 2026 | 08:25 AM IST

CJP Protest: सोनम वांगचुक से जेपी नड्डा ने अस्पताल में की मुलाकात

यह घटनाक्रम केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा और जितेंद्र सिंह द्वारा बृहस्पतिवार देर रात गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में वांगचुक से मुलाकात के बाद सामने आया। दोनों मंत्रियों ने वांगचुक को सरकार की ओर से आश्वासन दिया।

July 24, 2026 | 07:39 AM IST

Sonam Wangchuk Hunger Strike: सोनम वांगचुक ने 27वें दिन तोड़ा अनशन

नीट प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने सरकार से आश्वासन मिलने के बाद अपना अनशन समाप्त कर दिया है।

July 23, 2026 | 10:04 PM IST

sonam wangchuk: सिर्फ शांति ही मेरा रास्ता है

सोनम वांगचुक ने 23 जुलाई को एक्स प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट में लिखा, “शांति और सिर्फ शांति ही मेरा रास्ता है...

जंतर-मंतर पर तो विरोध प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से चल रहे हैं, लेकिन मुझे यह जानकर दुख हुआ कि दूसरी जगहों पर कुछ असामाजिक तत्व इन शांतिपूर्ण प्रदर्शनों का फायदा उठाकर हिंसा भड़काने की कोशिश कर रहे हैं। 

सामने वाला पक्ष चाहे कुछ भी करे, हमारा जवाब सिर्फ फूलों जैसा ही होना चाहिए।

कृपया हर हाल में इस परंपरा को बनाए रखें।”

July 23, 2026 | 07:58 PM IST

salman khan on cjp protest

एक्टर सलमान खान ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, “पढ़ाई और सुरक्षा दोनों ही मामलों में छात्र हमारी पहली प्राथमिकता हैं, इसलिए उन्हें और उनके माता-पिता को चिंता करने की जरूरत नहीं है। प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया है और मुझे यकीन है कि वे इस पेपर लीक के लिए जिम्मेदार सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे। इसलिए छात्रों, प्लीज अपने माता-पिता के पास और घर लौट जाइए।”

उन्होंने सोनम वांगचुक से अपील करते हुए कहा , सोनम, बस हो गया। इसे और आगे मत बढ़ाओ। अगर जरूरत पड़ी तो इस जज्बे को किसी और दिन के लिए बचाकर रखना (हालांकि मुझे नहीं लगता कि जरूरत पड़ेगी) और कुछ खा-पी लो। अगर चाहो तो मैं घर से खाना भेज दूंगा।

July 23, 2026 | 07:00 PM IST

cjp protest live updates: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का बयान

कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध पर केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा, "यह मामला इस देश के छात्र, युवाओं से जुड़ा है, खासकर उनके परीक्षा की तैयारी, परीक्षा पेपर लीक और री-एग्जाम से ये उस उम्र के बच्चों के लिए बहुत सेंसिटिव हैं जो तैयारी कर रहे हैं। अगर सरकार सेंसिटिव नहीं है या रिएक्ट नहीं कर रही है, तो मैं समझ सकती हूं कि विपक्ष इस तरह का हमला क्यों कर रहा है। प्रधानमंत्री के लेवल पर असल में आज के ऐलान से बहुत पहले ही फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने और उन लोगों को सज़ा देने का भरोसा दिया गया है जिन्होंने पेपर लीक करके, पेपर खरीदकर, पेपर बेचकर एग्जाम की पवित्रता को तोड़ा है। 

July 23, 2026 | 06:53 PM IST

अभिजीत दिपके ने पीएम मोदी से की अपील

कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष अभिजीत दिपके ने कहा कि मोदी जी, मैं आपसे एक बार फिर अनुरोध करता हूं कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा स्वीकार करें। वरना, यह मामला सिर्फ धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक ही सीमित नहीं रहेगा; यह आपके इस्तीफे तक भी पहुंच जाएगा। एक अक्षम और विफल मंत्री देश के करोड़ों छात्रों से अधिक महत्वपूर्ण नहीं हो सकता।  अगर एक विफल और अक्षम मंत्री को इन करोड़ों छात्रों से अधिक महत्वपूर्ण माना जा रहा है, तो याद रखें, भारत में चुनावों में कोई भी आपको वोट नहीं देगा।

July 23, 2026 | 05:59 PM IST

कल CJP का देशव्यापी प्रदर्शन, बड़ी संख्या में छात्रों से शामिल होने की अपील

CJP ने शुक्रवार, 24 जुलाई को देशभर में शांतिपूर्ण प्रदर्शन का आह्वान किया है। संगठन ने "Every District. One Day. One Demand" अभियान के तहत छात्रों, अभिभावकों और नागरिक समाज से अपने-अपने जिलों में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है।

July 23, 2026 | 05:51 PM IST

तोड़-फोड़ या सुरक्षाकर्मियों पर हमले के लिए जिम्मेदारों पर होगी कार्रवाई

दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने संकेत दिया है कि तोड़-फोड़ या सुरक्षाकर्मियों पर हमले के लिए जिम्मेदार पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

July 23, 2026 | 05:47 PM IST

संसद में विपक्ष ने सरकार से नीट पेपर लीक मामले पर जवाब मांगा, हंगामे के बीच कार्यवाही स्थगित

जंतर मंतर पर चल रहे धरना-प्रदर्शन के बीच संसद में चल रहे मानसूत्र में विपक्षी दलों के सदस्यों ने नीट पेपर लीक मामले, प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर सरकार से जवाब मांगते हुए शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर हंगामा किया। विपक्षी दलों के सदस्यों  की मांग और इसका विरोध कर रहे सत्ता पक्ष के सदस्यों के हंगामे के कारण बृहस्पतिवार को राज्यसभा की बैठक 3 बार के स्थगन के बाद दिन भर के लिए स्थगित कर दी गई।

July 23, 2026 | 05:02 PM IST

सीजेपी के प्रदर्शनकारियों के साथ बातचीत को तैयार जे.पी. नड्डा

जंतर-मंतर पर 'कॉकरोच जनता पार्टी' के प्रदर्शनकारियों के साथ बातचीत के प्रस्ताव पर केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा ने कहा, "हां, हम तैयार हैं। वे हमारे दफ़्तर या आवास पर आ सकते हैं।"

July 23, 2026 | 04:14 PM IST

जंतर-मंतर पर पुलिस बल प्रयोग से घायल युवक की आंख की रोशनी जाने का खतरा

नीट पेपर लीक मामले पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर 20 जुलाई को सीजेपी के साथ भारी संख्या में निकले युवाओं के संसद मार्च के दौरान पुलिस की लाठीचार्ज और उग्र प्रदर्शन के बावजूद युवाओं का गुस्सा नहीं थमा है। जंतर-मंतर पर भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है। इस बीच यह खबर सामने आई है कि ‘संसद चलो’ मार्च में घायल हुए 19 साल का एक युवक साहिल एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती है।  साहिल के परिवार ने दावा किया है कि पैलेट लगने से उनकी आंख की रोशनी जाने का खतरा है।

July 23, 2026 | 02:54 PM IST

cjp protest update: सीजेपी एक्स हैंडल

सीजेपी ने अपने ऑफिशियल ‘एक्स’ हैंडल पर एक पोस्ट में लिखा, “आप क्रांतिकारी को जेल में डाल सकते हैं, लेकिन क्रांति को जेल में नहीं डाल सकते।”

July 23, 2026 | 02:00 PM IST

supreme court on cjp protest: सुप्रीम कोर्ट ने तुरंत सुनवाई से किया इनकार

सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के नेतृत्व में हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान छात्रों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई को चुनौती देने वाली याचिका पर तत्काल सुनवाई से इनकार कर दिया। याचिकाकर्ता के वकील ने भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची और वी मोहना की पीठ के समक्ष मामले की जानकारी देते हुए जल्द सुनवाई की मांग की और पुलिस की कथित ज्यादतियों के वीडियो सबूत पेश करने का दावा किया।

July 23, 2026 | 01:50 PM IST

cjp protest petition: पहले हाईकोर्ट सुनवाई से कर चुका है इनकार

इससे पहले दिल्ली उच्च न्यायालय ने इसी तरह के एक मामले की तत्काल सुनवाई करने से इनकार करते हुए कहा था कि अदालत को इसमें घसीटने की जरूरत नहीं है।

July 23, 2026 | 01:45 PM IST

cjp protest live updates: सीजेपी के विरोध-प्रदर्शन में एसीपी घायल

दिल्ली पुलिस के अनुसार, जंतर-मंतर पर सीजेपी के विरोध-प्रदर्शन वाली जगह के पास हुई पत्थरबाजी में असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (पंजाबी बाग) जय प्रकाश और कनॉट प्लेस के एसीपी विवेक भगत घायल हो गए।

July 23, 2026 | 01:41 PM IST

cjp protest latest news: दिल्ली पुलिस ने दर्ज किया मामला

दिल्ली पुलिस ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के चल रहे विरोध-प्रदर्शन के दौरान राष्ट्रीय राजधानी के कनॉट प्लेस इलाके में हुई कथित हिंसा और पत्थरबाजी के मामले में केस दर्ज किया है।

July 23, 2026 | 01:36 PM IST

छात्रों को आगे रखकर अराजकता फैलाने की साजिश: सीएम पुष्कर सिंह धामी

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का कहना है, "ऐसा लगता है कि यह छात्रों को आगे रखकर बाद में राजनीति करने और अराजकता फैलाने की एक सोची-समझी साज़िश है। नीट पेपर लीक की सीबीआई जांच के आदेश दिए गए हैं और दोषी पाए गए लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।

Download Our App

Start you preparation journey for JEE / NEET for free today with our APP

  • Students300M+Students
  • College36,000+Colleges
  • Exams550+Exams
  • Ebooks1500+Ebooks
  • Certification16000+Certifications