Saurabh Pandey | January 3, 2026 | 06:39 PM IST | 1 min read
बिहार विधान परिषद भर्ती में शामिल अभ्यर्थी अपने आवेदन संख्या एवं पासवर्ड की सहायता से आंसर की के खिलाफ आपत्ति दर्ज करा सकते हैं, जिसका विषय विशेषज्ञों द्वारा निराकरण कर ओएमआर का मूल्यांकन और परीक्षा परिणाम तैयार किया जाएगा।

नई दिल्ली : बिहार विधान परिषद सचिवालय के अंतर्गत ड्राइवर और ऑफिस अटेंडेंट भर्ती परीक्षा 2025 की उत्तर कुंजी जारी कर दी गई है। परीक्षा में शामिल उम्मीदवार इसे आधिकारिक वेबसाइट vidhanparishad.bihar.gov.in के माध्यम से डाउनलोड कर सकते हैं।
बिहार विधान परिषद सचिवालय की तरफ से जारी नोटिस में कहा गया है कि परीक्षा की उत्तर कुंजी एवं इस पर अभ्यर्थियों द्वारा आपत्ति दर्ज करने के लिए आवश्यक लिंक बिहार विधान परिषद् की वेबसाइट पर 2 जनवरी शाम 6 बजे 9 जनवरी 2026 को शाम 6 बजे तक उपलब्ध रहेगा।
अभ्यर्थी अपने आवेदन संख्या एवं पासवर्ड की सहायता से आंसर की के खिलाफ आपत्ति दर्ज करा सकते हैं, जिसका विषय विशेषज्ञों द्वारा निराकरण कर ओएमआर का मूल्यांकन और परीक्षा परिणाम तैयार किया जाएगा। उम्मीदवार इस बात का ध्यान रखें कि अन्य किसी माध्यम से प्राप्त आपत्ति एवं निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा।
बिहार विधान परिषद की ड्राइवर और ऑफिस अटेंडेंट भर्ती परीक्षाएं 21 दिसंबर 2025 को पटना स्थित विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की गई थीं। पहली पाली में ऑफिस अटेंडेंट परीक्षा, जबकि दूसरी पाली में ड्राइवर भर्ती परीक्षा का आयोजन किया गया था।