Press Trust of India | October 6, 2026 | 09:54 PM IST | 1 min read
एएमयू छात्रसंघ पिछले कई वर्षों से निष्क्रिय है और छात्र नेता जल्द चुनाव कराने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं जिसके तहत यासिर फहद भूख हड़ताल पर हैं।

नई दिल्ली: अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU) में छात्रसंघ चुनाव की मांग को लेकर पिछले 15 दिनों से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल कर रहे छात्र यासिर फहद की हालत बिगड़ने के बीच विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रदर्शनकारी छात्रों से बातचीत करके रास्ता निकाले की कोशिशें तेज कर दी हैं।
विश्वविद्यालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि छात्र नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार देर रात कुलपति प्रोफेसर नईमा खातून से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि बातचीत से गतिरोध खत्म करने की शुरुआत हुई है लेकिन कोई अंतिम सहमति नहीं बन सकी है।
अधिकारी ने कहा, “कुलपति ने छात्रसंघ को जल्द बहाल करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है लेकिन अगले तीन सप्ताह में चुनाव कराने की छात्रों की मांग को पूरा करना संभव नहीं है।” उन्होंने बताया कि मंगलवार रात छात्र नेताओं के साथ फिर बातचीत होने की उम्मीद है।
Also readविदेशी विश्वविद्यालयों ने ‘छत के पंखे हटाने पर बहस के बीच’ खुदकुशी रोकने के लिए बदली परिसर की संरचना
एएमयू छात्रसंघ पिछले कई वर्षों से निष्क्रिय है और छात्र नेता जल्द चुनाव कराने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं जिसके तहत यासिर फहद पिछले 15 दिन से भूख हड़ताल पर हैं। परिसर में बढ़ते तनाव को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए एहतियाती कदम भी उठा रहा है।
एएमयू के प्रॉक्टर नावेद खान ने मंगलवार को कहा कि भूख हड़ताल कर रहे छात्र की सेहत पर विश्वविद्यालय की नजर है और चिकित्सकों की टीम चौबीसों घंटे उसकी निगरानी कर रही है।
उन्होंने कहा, “हम यह सुनिश्चित करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे कि छात्र को कोई नुकसान न पहुंचे।” खान ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव कराने के लिए 'उचित और व्यावहारिक समय-सीमा' तय करने के प्रयास जारी हैं।