Trusted Source Image

5th Kaushal Deekshant Samaroh: पीएम मोदी कल आईटीआई के 52 मेधावी प्रशिक्षार्थियों को सम्मानित करेंगे

Press Trust of India | November 20, 2026 | 03:14 PM IST | 2 mins read

सम्मानित होने वालों में शिल्पकार प्रशिक्षण योजना के 37 प्रशिक्षार्थी (18 पुरुष और 19 महिलाएं) तथा शिल्प अनुदेशक प्रशिक्षण योजना के 15 प्रशिक्षार्थी (सात पुरुष और आठ महिलाएं) शामिल हैं।

यह समारोह गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित होगा। (इमेज-एक्स/@narendramodi)
यह समारोह गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित होगा। (इमेज-एक्स/@narendramodi)

लखनऊ: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को लखनऊ में आयोजित पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह-2026 में देशभर के आईटीआई के 52 मेधावी प्रशिक्षार्थियों को सम्मानित करेंगे। इन सभी ने अखिल भारतीय व्यवसाय परीक्षा (एआईटीटी) 2026 में राष्ट्रीय स्तर पर पहला स्थान हासिल किया है। एक बयान में इसकी जानकारी दी गयी है। बयान में कहा गया है कि यह समारोह गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित होगा। 

सम्मानित होने वालों में शिल्पकार प्रशिक्षण योजना के 37 प्रशिक्षार्थी (18 पुरुष और 19 महिलाएं) तथा शिल्प अनुदेशक प्रशिक्षण योजना के 15 प्रशिक्षार्थी (सात पुरुष और आठ महिलाएं) शामिल हैं। उत्तर प्रदेश प्रशिक्षण निदेशालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक, इस समारोह में उत्तर प्रदेश के छह मेधावी प्रशिक्षार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। 

पीएम मेधावी प्रशिक्षार्थियों को प्रमाण-पत्र देंगे

इसके अनुसार, पीएम, मंच पर 10 मेधावी प्रशिक्षार्थियों को प्रमाण-पत्र देंगे। इनमें दिव्यांग श्रेणी के प्रशिक्षार्थी और उन कठिन तकनीकी कार्यों (ट्रेड) में प्रशिक्षण लेने वाली महिलाएं भी शामिल होंगी, जिनमें आमतौर पर महिलाओं की भागीदारी कम होती है। 

इसके मुताबिक, मंच पर सम्मानित होने वालों में उत्तर प्रदेश के शाहबाज खान (इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक, राजकीय आईटीओटी, अलीगंज, लखनऊ) और संध्या देवी (सूचना प्रौद्योगिकी, एनएसटीआई महिला, नोएडा) भी शामिल हैं। 

Also readAnti-Paper Leak Bill: लोकसभा में भारी हंगामे के बीच एंटी-पेपर लीक बिल पास, कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित

प्रशिक्षार्थियों को भी सम्मानित किया जाएगा

बयान में कहा गया है कि इनके अलावा तमिलनाडु, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, ओडिशा और केरल के प्रशिक्षार्थियों को भी सम्मानित किया जाएगा। इसके अनुसार, समारोह का आयोजन 5,500 लोगों की क्षमता वाले जर्मन हैंगर में होगा। 

इस दौरान आईटीआई प्रशिक्षार्थियों की सफलता की कहानियों पर एक वीडियो भी दिखाया जाएगा और ड्रोन, रोबोटिक्स एवं पेंट्स उद्योग में काम कर रहे आईटीआई के पूर्व प्रशिक्षार्थियों को भी समारोह में आमंत्रित किया गया है। 

बयान के मुताबिक, सैमसंग, यामाहा, एलजी, लावा और अशोक लीलैंड जैसी कंपनियां समारोह स्थल पर अपने स्टॉल लगाएंगी। टाटा आईटीआई लैब्स के स्टॉल भी होंगे। ये कंपनियां बड़ी संख्या में आईटीआई से प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को रोजगार देती हैं। 

MakeCAREERS360
My Trusted Source
Trusted Source ImageAdd as a preferred source on google
[

विशेष समाचार

]