Santosh Kumar | June 30, 2026 | 08:02 AM IST | 2 mins read
उम्मीदवार अब admitcards.upessc.org और upessc.up.gov.in के माध्यम से अपने यूपी टीईटी हॉल टिकट 2026 डाउनलोड कर सकते हैं।

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (यूपीईएसएससी) ने यूपीटीईटी एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। उम्मीदवार अब admitcards.upessc.org और upessc.up.gov.in के माध्यम से अपने यूपी टीईटी हॉल टिकट डाउनलोड कर सकते हैं। परीक्षा 2 से 4 जुलाई 2026 तक तीन दिनों तक ऑफलाइन, ओएमआर शीट-आधारित मोड में आयोजित की जाएगी। वैध एडमिट कार्ड के बिना किसी भी उम्मीदवार को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
उम्मीदवारों को यूपीटेट एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए अपने रजिस्ट्रेशन नंबर, नाम, मोबाइल नंबर जैसे क्रेडेंशियल का इस्तेमाल करना होगा। यूपीईएसएससी ने यूपी टीईटी एग्जाम सिटी स्लिप पहले ही जारी कर दी है।
यूपी टेट 2026 परीक्षा 2 और 3 जुलाई को दो-दो शिफ्ट में होगी। पहली शिफ्ट सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। 4 जुलाई को केवल सुबह की शिफ्ट होगी।
परीक्षा प्रारंभ होने से 45 मिनट पहले प्रवेश बंद कर दिया जाएगा। प्रथम पाली का प्रवेश द्वार सुबह 8:45 बजे तथा द्वितीय पाली का प्रवेश द्वार दोपहर 1:45 बजे बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
सभी अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र पर 3 फोटो एवं एक पहचान पत्र (जैसे- ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, केंद्र/राज्य सरकार द्वारा जारी आईडी कार्ड, या आधार कार्ड) की मूल प्रति तथा एक छायाप्रति लेकर उपस्थित होना होगा।
उम्मीदवारों को क्लिपबोर्ड या हार्डबोर्ड/कार्डबोर्ड (जिस पर कुछ भी लिखा न हो) और काले रंग की स्याही वाला बॉलपॉइंट पेन साथ लाना होगा। उम्मीदवार काले बॉलपॉइंट पेन के अलावा किसी अन्य तरह की स्याही का इस्तेमाल न करें।
उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन, टैबलेट, पेन ड्राइव, हार्ड डिस्क, डेटा कार्ड, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफ़ोन, किसी भी तरह की कलाई घड़ी, धातु वाली कोई भी इलेक्ट्रॉनिक चीज सेंटर पर लाने की अनुमति नहीं है।
यदि किसी अभ्यर्थी के पास परीक्षा के दौरान नकल से संबंधित कोई सामग्री पाई जाती है, तो उसे न केवल परीक्षा से निष्कासित किया जाएगा, बल्कि आयोग की आगामी परीक्षाओं और चयन प्रक्रियाओं से भी वंचित किया जा सकता है।