Saurabh Pandey | November 24, 2026 | 03:41 PM IST | 2 mins read
यूपी बोर्ड ने कक्षा 10वीं और 12वीं की प्रैक्टिकल परीक्षाओं का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। प्रैक्टिकल परीक्षा दो चरणों में आयोजित किया जाएगा।

नई दिल्ली : उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) ने यूपी बोर्ड हाईस्कूल (कक्षा 10वीं) और इंटरमीडिएट (कक्षा 12वीं) की प्रैक्टिकल परीक्षाओं का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। बोर्ड द्वारा जारी नोटिस के अनुसार, ये परीक्षाएं प्रदेश भर में दो चरणों में संपन्न कराई जाएंगी, जिनका आयोजन संबंधित मंडलों के अंतर्गत आने वाले जनपदों में किया जाएगा।
बोर्ड द्वारा जारी कार्यक्रम के मुताबिक, पहले चरण की प्रैक्टिकल परीक्षाएं 11 जनवरी से 19 जनवरी, 2027 तक आयोजित की जाएंगी। इस चरण में आगरा, सहारनपुर, बरेली, लखनऊ, झांसी, चित्रकूट, अयोध्या, आजमगढ़, देवीपाटन और बस्ती मंडल शामिल हैं।
वहीं, दूसरे चरण की परीक्षाएं 20 जनवरी से 28 जनवरी, 2027 तक होंगी, जिसमें अलीगढ़, मेरठ, मुरादाबाद, कानपुर, प्रयागराज, मीरजापुर, वाराणसी और गोरखपुर मंडल के जनपद शामिल किए गए हैं।
बोर्ड ने परीक्षाओं की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सख्त निर्देश दिए हैं। सभी प्रधानाचार्यों को प्रैक्टिकल परीक्षाएं सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में संपन्न करानी होंगी और इसकी रिकॉर्डिंग भी सुरक्षित रखनी होगी, ताकि आवश्यकता पड़ने पर बोर्ड को उपलब्ध कराई जा सके। परीक्षकों की नियुक्ति व अन्य जानकारी संबंधित क्षेत्रीय कार्यालय से प्राप्त की जा सकेगी।
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि हाईस्कूल स्तर पर विज्ञान एवं गृह विज्ञान विषयों को छोड़कर अन्य सभी विषयों की प्रयोगात्मक परीक्षाएं पिछले वर्ष की भांति विद्यालय स्तर पर आंतरिक मूल्यांकन (प्रोजेक्ट कार्य) के आधार पर होंगी। जबकि, विज्ञान और गृह विज्ञान में बोर्ड द्वारा 30 अंकों की प्रयोगात्मक परीक्षा आयोजित की जाएगी।
प्राइवेट परीक्षार्थियों को अपने केंद्र के प्रधानाचार्य से संपर्क कर परीक्षा में शामिल होना होगा। इसके अतिरिक्त, हाईस्कूल के आंतरिक मूल्यांकन तथा इंटरमीडिएट के नैतिक, योग, खेल एवं शारीरिक शिक्षा के प्राप्तांक प्रधानाचार्यों द्वारा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in पर ऑनलाइन अपलोड किए जाएंगे, जिसके लिए वेबसाइट 1 जनवरी, 2027 से सक्रिय हो जाएगी।
विद्यालय स्तर पर आयोजित होने वाली प्री-बोर्ड प्रैक्टिकल परीक्षाएं दिसंबर, 2026 के अंतिम सप्ताह में कराई जाएंगी। वहीं, कक्षा 10वीं और 12वीं की प्री-बोर्ड लिखित परीक्षाएं जनवरी, 2027 के प्रथम सप्ताह में तथा कक्षा 9वीं और 11वीं की वार्षिक परीक्षाएं जनवरी, 2027 के दूसरे एवं तीसरे सप्ताह में विद्यालय के प्रधानाचार्यों द्वारा आयोजित की जाएंगी।