Press Trust of India | November 23, 2026 | 12:00 PM IST | 1 min read
दिल्ली नर्सरी एडमिशन 2027-28 के लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 1 दिसंबर से शुरू होगी। चयनित उम्मीदवारों के लिए पहली चयन सूची 20 जनवरी को जारी होगी।

नई दिल्ली : दिल्ली शिक्षा निदेशालय (DoE) ने शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए नर्सरी कक्षा में एडमिशन का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है। निदेशालय के अनुसार, नर्सरी एडमिशन के लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 1 दिसंबर 2026 से शुरू होगी। इच्छुक अभिभावक अपने बच्चों के एडमिशन के लिए 28 दिसंबर 2026 तक आवेदन फॉर्म जमा कर सकेंगे।
दिल्ली नर्सरी एडमिशन के लिए आवेदन प्रक्रिया समाप्त होने के बाद, दिल्ली के स्कूल 4 जनवरी 2027 को सभी आवेदकों की सूची उनके अर्जित पॉइंट के साथ प्रकाशित करेंगे। यदि किसी अभिभावक को पॉइंट्स या सूची को लेकर कोई आपत्ति या सवाल है, तो वे 5 से 11 जनवरी 2027 के बीच संबंधित स्कूल से संपर्क कर अपनी आपत्ति दर्ज करा सकेंगे। सभी आपत्तियों के निस्तारण के बाद, एडमिशन की पहली चयन सूची 20 जनवरी 2027 को जारी की जाएगी। इसके बाद 5 फरवरी को दूसरी सूची आएगी।
स्कूलों को निर्देश दिया गया है कि वे 26 नवंबर तक अपने एडमिशन क्राइटेरिया और उनसे जुड़े अंकों को निदेशालय के पोर्टल पर अपलोड करें। उन्हें ये मानदंड और अंक अपनी-अपनी वेबसाइटों पर भी प्रदर्शित करने होंगे। फाउंडेशनल स्टेज के लिए संशोधित आयु संरचना के तहत, नर्सरी में प्रवेश लेने वाले बच्चों की उम्र 31 मार्च, 2027 तक कम से कम तीन साल होनी चाहिए, लेकिन चार साल से कम होनी चाहिए।
लोअर केजी के लिए बच्चों की उम्र कम से कम चार साल, लेकिन पांच साल से कम होनी चाहिए, जबकि अपर केजी के लिए उम्र पांच साल या उससे अधिक, लेकिन छह साल से कम होनी चाहिए।
सर्कुलर के अनुसार, 2027-28 सत्र के लिए पुनर्गठित फाउंडेशनल स्टेज के तहत, लोअर केजी और अपर केजी को अलग-अलग एंट्री-लेवल कक्षाओं के रूप में शुरू किया जाएगा।